सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर होगा मतदान, हाईकोर्ट ने याचिका खारिज की

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 29 नवंबर। बलौदाबाजार जिले की अमेरा ग्राम पंचायत की सरपंच शैलेंद्री पटेल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान का रास्ता साफ हो गया है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने प्रस्तावित बैठक रोकने की मांग वाली उनकी याचिका खारिज कर दी है। अब 30 नवंबर को सुबह 11 बजे पंचायत भवन में विशेष बैठक होगी।
सरपंच ने 18 नवंबर को एसडीओ (राजस्व) पलारी द्वारा विशेष बैठक बुलाने के जारी आदेश को चुनौती दी थी। उनकी ओर से दलील दी गई कि कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार, राशि के दुरुपयोग या जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही की कोई शिकायत नहीं हुई। नोटिस में लगाए गए आरोप भी अस्पष्ट और आधारहीन हैं।
जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकलपीठ ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 की धारा 21 और संबंधित नियमों के तहत बैठक बुलाने वाले अधिकारी को केवल निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करना होता है। आरोपों की सत्यता या गंभीरता की जांच करना उसका काम नहीं है।
कोर्ट ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव का मूल सवाल यह है कि पंचायत के निर्वाचित सदस्यों का अपने सरपंच पर भरोसा है या नहीं। इसके लिए सदस्यों को सरपंच के खिलाफ किसी तरह का कदाचार साबित करने की जरूरत नहीं है।
हाईकोर्ट ने कहा कि पंचायत की सामान्य बैठकों में लिए गए सामूहिक फैसले सदस्यों के अविश्वास प्रस्ताव लाने के कानूनी अधिकार को समाप्त नहीं कर सकते। हालांकि कोर्ट ने अविश्वास प्रस्ताव के गुण-दोष पर कोई राय नहीं दी है। अंतिम फैसला बैठक में चर्चा और मतदान के बाद बहुमत से होगा। सरपंच को भी अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा।



