एनटीपीसी सीपत के सीएसआर से हो रहे 11.46 करोड़ के विकास कार्य, केंद्रीय मंत्री साहू ने किया लोकार्पण और भूमिपूजन

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 29 नवंबर।एनटीपीसी सीपत की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के तहत क्षेत्र में 11.46 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने ग्राम पंचायत सीपत में आयोजित कार्यक्रम में इन परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में 5.22 करोड़ रुपये की लागत से पूरे किए गए 28 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। वहीं, 6.24 करोड़ रुपये की लागत से 12 नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इन परियोजनाओं में बुनियादी सुविधाओं का विकास, तालाबों का संरक्षण, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कार्य शामिल हैं। इनका लाभ सीपत, जांजी, कर्रा, कौड़िया, रलिया, देवरी, रांक, गतोरा और लुतरा ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को मिलेगा।
तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि विकास का लाभ गांव, गरीब और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। एनटीपीसी सीपत की सीएसआर परियोजनाएं इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास में एनटीपीसी प्रबंधन के योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी और एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख विजय शंकर दुबे सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
साहू ने दर्रीघाट हाईस्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 27.01 करोड़ रुपये की दो सड़क निर्माण परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
इन परियोजनाओं में सोंसरी-सबरीडेरा मार्ग पर सरार छाला में पुलिया सहित 2.50 किलोमीटर सड़क का निर्माण शामिल है। इस पर 7.96 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
वहीं, सोंसरी-मुकुंदपुर पहुंच मार्ग पर 8.075 किलोमीटर सड़क का निर्माण 19.05 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
इन सड़क परियोजनाओं से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक आयोजन भी हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
जिले की ग्राम पंचायत भुरकुंडा में 72 लाख रुपये की लागत से निर्मित हाईस्कूल भवन का केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर तोखन साहू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। नए भवन से क्षेत्र के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने से ग्रामीण बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।



