विश्वभर में गूंजी छत्तीसगढ़ी संस्कृति, राज्य स्थापना दिवस पर नाचा के जोरशोर आयोजन

साथ आए अनेक देशों में बसे प्रवासी परिवार
रायपुर, 29 नवंबर। नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन / एनआरआई एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ (नाचा)ने बताया कि नवंबर 2026 के दौरान विश्वभर में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस एवं दीपावली महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इन आयोजनों में विभिन्न देशों में निवासरत हजारों प्रवासी छत्तीसगढ़ी परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन समारोहों ने वैश्विक छत्तीसगढ़ी समुदाय की एकता, सांस्कृतिक गौरव और अपनी मातृभूमि के प्रति गहरे लगाव को प्रदर्शित किया। नाचा की विभिन्न अंतरराष्ट्रीय इकाइयों द्वारा दुबई, सिडनी, मेलबर्न, यूनाइटेड किंगडम, कनाडा, यूरोप तथा अमेरिका के अनेक शहरों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामुदायिक मिलन समारोहों का आयोजन किया गया।
नाचा ने बताया कि अमेरिका में न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी, शिकागो, मिनेसोटा, मिशिगन, नॉर्थ कैरोलिना, साउथ कैरोलिना, कैलिफोर्निया, सिएटल, फ्लोरिडा, डलास, नाचा और एरिजोना सहित अनेक स्थानों पर छत्तीसगढ़ी परिवारों ने उत्साह के साथ इन समारोहों में भाग लिया। पूरे महीने चले इन आयोजनों ने प्रवासी परिवारों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और रीति-रिवाजों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।
नाचा ने बताया कि नाचा का प्रमुख उद्देश्य विदेशों में निवासरत छत्तीसगढ़ी परिवारों को आपस में जोडऩा तथा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, भाषा, परंपराओं और विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संरक्षित एवं प्रोत्साहित करना है। कई स्थानों पर कार्यक्रमों की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके की गई। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत अरपा पैरी के धार का सामूहिक गायन किया गया।
नाचा ने बताया कि समारोहों में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकनृत्य, लोकसंगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की गई। इन आयोजनों की विशेष उपलब्धि बच्चों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही। नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोडऩे के उद्देश्य से उन्हें सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रस्तुतियों और आयोजन संबंधी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इन प्रयासों से विदेशों में पले-बढ़े बच्चों को अपनी जड़ों को समझने, आत्मविश्वास विकसित करने और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को गर्व के साथ प्रस्तुत करने का अवसर मिला। इस वर्ष के आयोजनों का एक प्रमुख आकर्षण नाचा सिएटल चैप्टर का दीपावली समारोह रहा।



