परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है : स्टालिन
चेन्नई, 29 नवंबर। द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन ने रविवार को स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी केंद्र के परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी, क्योंकि उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है और उनके लिए तमिलनाडु सर्वोपरि है।
स्टालिन की यह टिप्पणी विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेताओं के साथ बैठक के बाद आई। बैठक में नेताओं ने उन्हें इस मुद्दे पर भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को समर्थन देने के अपने पहले के फैसले को वापस लेने के लिए मनाने की कोशिश की।
स्टालिन ने संवाददाताओं से कहा, हमारा रुख है कि अगर परिसीमन विधेयक गिर जाता है, तो तमिलनाडु के पास न्यूनतम संरक्षण भी नहीं बचेगा।
उन्होंने कहा, परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
द्रमुक अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी दलों ने कोई दूसरा विकल्प नहीं सुझाया है।
उन्होंने कहा, हमारे लिए तमिलनाडु सबसे पहले है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित इंडिया गठबंधन के कई नेताओं ने चेन्नई में स्टालिन के आवास पर उनसे मुलाकात की।
द्रमुक के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में आठ सदस्य हैं।(भाषा)



