ताजा खबर

पत्रकार हितों की आवाज बुलंद करने और संगठन विस्तार पर बनी सहमति, ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड मीडिया संघ की बैठक संपन्न।

बिलासपुर, भागवत प्रसाद, ब्यूरो चीफ सर्वव्यापी

ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड मीडिया संघ छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण बैठक रविवार 29 नवंबर 2026 को बिलासपुर स्थित कालिंद्री कुंज प्रधान कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकारों के हितों की रक्षा, पत्रकारों की एकजुटता और संगठन को प्रदेश के प्रत्येक जिले, संभाग एवं ब्लॉक स्तर तक मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में प्रदेश अध्यक्ष हरीश चौबे, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वर्मा, प्रदेश महासचिव तरुण कौशिक, कोषाध्यक्ष रामनारायण यादव सहित प्रदेश के विभिन्न पदाधिकारी तथा जिला, संभाग और ब्लॉक स्तर के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हरीश चौबे ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। पत्रकार लोकतंत्र के सजग प्रहरी हैं। उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन सदैव प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत पदों में नहीं, बल्कि पत्रकार साथियों की एकजुटता और आपसी विश्वास में है।प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता के क्षेत्र में अनेक चुनौतियां हैं। ऐसे में पत्रकारों को अपने अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करनी होगी। संगठन का उद्देश्य केवल पदाधिकारियों की नियुक्ति करना नहीं, बल्कि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहना है।प्रदेश महासचिव तरुण कौशिक ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए जिला, संभाग एवं ब्लॉक स्तर पर सक्रिय कार्यकारिणी का गठन और विस्तार जरूरी है। संगठन में प्रत्येक पत्रकार साथी की भूमिका महत्वपूर्ण है। ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड मीडिया संघ पत्रकार हितों को सर्वोपरि रखते हुए एकजुटता, समन्वय और अनुशासन के साथ आगे बढ़ेगा।*बैठक में महत्वपूर्ण नियुक्तियां, नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं*बैठक में संगठनात्मक विस्तार के तहत महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा के जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर पुरोहित को पदोन्नत कर प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं भाटापारा ब्लॉक अध्यक्ष शंकर सोनी को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके साथ ही योगेश शर्मा को बिलासपुर जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन को नई ऊर्जा देने तथा पत्रकारों को एकजुट कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की अपेक्षा जताई गई।नवनियुक्त प्रदेश सचिव श्याम सुंदर पुरोहित ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने जो विश्वास जताकर उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसके लिए वे आभारी हैं। वे पत्रकार साथियों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। बलौदाबाजार-भाटापारा सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों को एक मंच पर लाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।बलौदाबाजार-भाटापारा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शंकर सोनी ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। जिले के प्रत्येक पत्रकार साथी को संगठन से जोड़ना, उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और जरूरत के समय उनके साथ खड़ा रहना उनकी प्राथमिकता होगी। संगठन को जिले में मजबूत और सक्रिय स्वरूप देना उनका लक्ष्य रहेगा।वहीं , नवनियुक्त बिलासपुर जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने कहा कि बिलासपुर जिले में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी पत्रकार साथियों को साथ लेकर चलेंगे। पत्रकारों की एकता, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी। संगठन को केवल नाम और पद तक सीमित न रखकर पत्रकारों के सुख-दुख में सहभागी बनाने का प्रयास रहेगा।*सदस्यता शुल्क निर्धारित, 20 दिसंबर को होगा दीपावली मिलन समारोह*बैठक में संगठन की सदस्यता व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके तहत सामान्य सदस्यों के लिए वार्षिक सदस्यता शुल्क 500 रुपये तथा संगठन के पदाधिकारियों के लिए वार्षिक सदस्यता शुल्क 1100 रुपये निर्धारित किया गया। इसके साथ ही आगामी 20 दिसंबर 2026 को बिल्हा में संगठन का दीपावली मिलन समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें प्रदेशभर के पत्रकारों एवं संगठन के पदाधिकारियों की सहभागिता रहेगी।बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, नए पत्रकार साथियों को जोड़ने तथा पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक रूप से पहल करने का संकल्प व्यक्त किया।बैठक का संदेश स्पष्ट रहा कि पत्रकारों की ताकत उनकी कलम के साथ-साथ उनकी एकजुटता में भी है। संगठन का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक पत्रकार को सम्मानजनक मंच उपलब्ध कराना और पत्रकार हितों की लड़ाई को संगठित तरीके से आगे बढ़ाना है। एकता, सम्मान और पत्रकार हितों की रक्षा के संकल्प के साथ ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड मीडिया संघ छत्तीसगढ़ ने संगठन को नई दिशा और मजबूती देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button