दिल्ली: मेट्रो स्टेशन बंद करने पर सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका दाख़िल

दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशनों को बंद किए जाने और ट्रेन सेवाओं को रद्द करने के मामले में सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका दाख़िल की गई है.
याचिका में आरोप लगाया गया है कि अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट के उस निर्देश का उल्लंघन किया है, जिसमें परिवहन सेवाओं को पूरी तरह से बंद नहीं करने की बात कही गई थी.
लाइव लॉ के अनुसार, यह अवमानना याचिका केंद्रीय गृह मंत्रालय के सचिव गोविंद मोहन (आईएएस), दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार (आईपीएस) और दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) की चेयरपर्सन डी. थारा (आईएएस) के ख़िलाफ़ दाख़िल की गई है.
याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि बिना उचित कारण के ट्रेन सेवाएं रद्द की जा रही हैं और मेट्रो के कई स्टेशन बंद हैं. याचिका में कहा गया है कि अदालत के निर्देशों का पालन करने में अधिकारियों की विफलता के कारण दिल्ली में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है.
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनज़र दिल्ली मेट्रो और ट्रेन सेवाओं पर लगाए गए प्रतिबंध के फ़ैसले पर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस को पुनर्विचार करने का निर्देश दिया था.(bbc.com/hindi)



