शराब घोटाला : रामगोपाल अग्रवाल तक पहुंचे 52 करोड़, ईडी का एक और आरोप पत्र

दीपेन चावड़ा और निखिल चंद्राकर के बयानों का हवाला, 20 नवंबर को सुनवाई
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 10 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के करीब 3400 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ एक और आरोप पत्र दाखिल किया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि मुख्य आरोपी अनवर ढेबर के सहयोगी दीपेन चावड़ा के माध्यम से करीब 52 करोड़ रुपये रामगोपाल अग्रवाल तक पहुंचे। ईडी ने इस संबंध में दीपेन चावड़ा और निखिल चंद्राकर के बयानों का उल्लेख किया है। मामले में 20 नवंबर को सुनवाई होगी।
बताया गया कि, अनवर ढेबर के सहयोगी दीपेन चावड़ा नकदी लेकर देवेंद्र डड़सेना तक पहुंचाते थे। इसके बाद देवेंद्र के माध्यम से रकम रामगोपाल अग्रवाल तक पहुंचती थी। आरोप पत्र में इस कथित लेन-देन का ब्योरा दिया गया है। शराब घोटाले के अलावा ईडी कोयला और कस्टम मिलिंग घोटाले के मामलों में भी रामगोपाल अग्रवाल से पूछताछ कर चुकी है।
करीब 127 करोड़ रुपये के कस्टम मिलिंग घोटाले में भी रामगोपाल अग्रवाल को आरोपी बनाया गया है। इस मामले में राइस मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, और अन्य राईस मिलरों ने अपने बयान में प्रति क्विंटल 20 रुपये पहुंचाए जाने की बात कही है। ईडी ने कस्टम मिलिंग की प्रोत्साहन राशि बढ़ाने से संबंधित पूरी जानकारी सरकार से मांगी थी। खाद्य विभाग ने 356 पेज की जानकारी भेज दी है। रामगोपाल अग्रवाल को पांच दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।



