छत्तीसगढ़

गन्ना खरीदी दर 425 रुपए क्विंटल, पिछली फसल को भी मिलेगा लाभ

कवर्धा में आंदोलन के बीच देर रात सीएम से किसान संघ की चर्चा, दर बढ़ाने पर बनी सहमति

छत्तीसगढ़ संवाददाता

रायपुर, 10 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में गन्ना खरीदी दर बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल कर दी गई है। खास बात यह है कि बढ़ी हुई दर का लाभ पिछले सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने पर भी मिलेगा। कवर्धा सहित प्रदेश के अन्य जिलों में चल रहे किसान आंदोलन के बीच शुक्रवार देर रात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल के बीच चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया।

शुक्रवार को किसान आंदोलन ने उग्र रूप ले लिया था। कवर्धा में प्रमुख सडक़ों पर जाम की स्थिति बन गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। इसके बाद डिप्टी सीएम विजय शर्मा की पहल पर किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल की सीएम साय से मुलाकात हुई। ये बैठक देर रात तक चली

चर्चा के दौरान गन्ना उत्पादक किसानों के हितों और उनकी मांगों पर विचार किया गया। सीएम ने गन्ने की खरीदी दर 425 रुपए प्रति क्विंटल करने का निर्णय लिया। साथ ही, सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने पर भी बढ़ी हुई दर से भुगतान करने की बात कही गई। देर रात हुई इस चर्चा में संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल थे। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना, खेती को लाभकारी बनाना और किसान परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि लागत कम करने की दिशा में काम कर रही हैं। खेती मजबूत होगी तो गांवों की समृद्धि बढ़ेगी और छत्तीसगढ़ के विकास को गति मिलेगी। भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने निर्णय के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button