: मिराईकल रिसॉर्ट मनगटा में लाखों की चोरी का खुलासा तीन आरोपियो गिरफ्तार कर जेल भेजा गया
सोमनी :- दिनांक 29.09.2026 की शाम लगभग 03:00 बजे से दिनांक 03.10.2026 की शाम लगभग 04:00 बजे के मध्य ग्राम मनगटा स्थित मिराईकल रिसॉर्ट के कॉटेज नंबर 136, 129 एवं 131 से अज्ञात चोर द्वारा 05 नग एसी, 02 फ्रिज, 01 साउंड बॉक्स, 04 गीजर, 03 नल एवं 01 सिलेंडर, कुल अनुमानित कीमत 78,900 रुपये, चोरी कर लिया गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सोमनी में अपराध क्रमांक 242/2026, धारा 331(4), 305 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस की कार्रवाई
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महोदया *सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.)* के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री के.पी. मरकाम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई।
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों से प्राप्त जानकारी, तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों की निगरानी कर लगातार पतासाजी की गई। इसी दौरान संदेही *युवराज खुटेल* उर्फ लोचन, पिता सुरेश खुटेल, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 10, मुढ़ीपार, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथी *मोहित लोहार* पिता चम्पालाल लोहार, उम्र 21 वर्ष, निवासी स्टेशन पारा, मुढ़ीपार, वार्ड क्रमांक 06, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव तथा *रितिक वर्मा*, पिता रूपचंद वर्मा, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम पंचपेड़ी, वार्ड क्रमांक 11, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव एवं दो विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
मशरूका की जब्ती एवं गिरफ्तारी
आरोपियों के कब्जे से चोरी के 05 नग एसी, 02 फ्रिज, 04 गीजर, 02 नल तथा चोरी की घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG 04 MA 5814 जब्त की गई। जब्त मशरूका एवं वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2,58,900 रुपये है।
प्रकरण में संलिप्त पाए जाने पर तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर *जेल भेजा* गया। प्रकरण में अन्य फरार आरोपी की पतासाजी जारी है।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में पीएसआई संजीत जायसवाल, प्रधान आरक्षक डूलेश्वर साहू, तोरण पटेल, बद्रीनाथ दिनकर तथा आरक्षक विनोद महिलांगे, भास्कर प्रधान, प्रदीप जायसवाल, ललित सिंह, लीलाराम साहू एवं तुषार मरकाम, थाना सोमनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अपील
थाना सोमनी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने घर, प्रतिष्ठान, रिसॉर्ट, फार्म हाउस एवं अन्य संपत्तियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में रखें तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाएं। क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
