छत्तीसगढ़

सड़क किनारे मिली युवक की लाश, हत्या की आशंका

छत्तीसगढ़ संवाददाता

सूरजपुर, 10 अक्टूबर। जयनगर थाना क्षेत्र के महाबीरपुर स्थित कालीघाट के समीप पंचायत सड़क किनारे शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान देर शाम तक नहीं हो सकी थी। युवक के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के निशान मिलने और पूरा शरीर खून से सना होने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

शनिवार सुबह महाबीरपुर ग्राम पंचायत के सरपंच ने जयनगर पुलिस को पंचायत सड़क पर नाली के किनारे एक युवक का शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित गुप्ता ने उच्च अधिकारियों को घटना से अवगत कराया और एफएसएल, डॉग स्क्वायड तथा साइबर सेल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष आंकी गई है। उसने लाल रंग की टी-शर्ट और नीले रंग का लोअर पहन रखा था। शव एनएच-43 से लगे क्षेत्र में पंचायत भवन की ओर जाने वाली सड़क पर नाली के पास मिला। बताया जाता है कि शाम ढलने के बाद इस मार्ग पर लोगों की आवाजाही कम हो जाती है।

कहीं और हत्या कर शव फेंकने की आशंका
शव की स्थिति और शरीर पर चोट के निशान को देखते हुए पुलिस इस आशंका से भी जांच कर रही है कि युवक की हत्या कहीं अन्य स्थान पर करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया हो। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल जयनगर पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button