अभिषेक का अर्धशतक, भारत ने इंडीज को 224 रन का लक्ष्य दिया

इंदौर, 11 अक्टूबर। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के तेजतर्रार अर्धशतक के बावजूद वेस्टइंडीज ने रविवार को यहां तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत को 223 रन पर समेट दिया।
अभिषेक ने 30 गेंद में पांच छक्कों और छह चौकों से 69 रन की पारी खेलने के अलावा इशान किशन (37 रन, 18 गेंद, छह चौके, एक छक्का) के साथ दूसरे विकेट के लिए 108 रन जोड़कर भारत को ठोस मंच प्रदान किया। इस साझेदारी के टूटने के बाद हालांकि भारत ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए जिससे टीम उम्मीद के मुताबिक रन नहीं जुटा सकी और पारी की अंतिम गेंद पर ऑल आउट हो गई।
वेस्टइंडीज की तरफ से ऑफ स्पिनर रोस्टन चेस सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 38 रन देकर दो विकेट चटकाए। तेज गेंदबाज शमार स्प्रिंगर और शमार जोसेफ ने भी दो-दो विकेट चटकाए लेकिन क्रमश: 50 और 54 रन लुटाए।
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और शमार जोसेफ ने दूसरे ही ओवर में संजू सैमसन (03) को कामिल पूरन के हाथों कैच करा दिया।
अभिषेक ने तीसरे ओवर में रोस्टन चेस की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ बल्ले से बाउंड्री का खाता खोला। उन्होंने इसी ओवर की अंतिम गेंद पर भी छक्का जड़ा।
इशान किशन ने भी कीमो पॉल के पहले ओवर में तीन चौकों के साथ अपने तेवर दिखाए जबकि अभिषेक ने शमार स्प्रिंगर की लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का मारा।
अभिषेक ने जोसेफ के ओवर में दो चौकों और एक छक्के के साथ सिर्फ 18 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और पावर प्ले में टीम का स्कोर एक विकेट पर 87 रन तक पहुंचाया।
भारत के रनों का शतक आठवें ओवर में पूरा किया। इशान ने अगले ओवर में चेस पर छक्का जड़ा लेकिन उनकी अगली गेंद को आगे बढ़कर खेलने की कोशिश में होप के हाथों स्टंप हो गए।
चेस ने इसी ओवर में कप्तान श्रेयस अय्यर (01) को पगबाधा करके भारत को दोहरा झटका दिया।
अभिषेक भी इसके बाद स्प्रिंगर की गेंद को हवा में लहराकर उन्हीं को वापस कैच दे बैठे जिससे भारत का स्कोर एक विकेट पर 115 रन से चार विकेट पर 124 हो गया।
नमन धीर (10) ने गुडाकेश मोती पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद को लॉन्ग ऑफ पर स्प्रिंगर के हाथों में खेल गए।
तिलक वर्मा और नितीश कुमार रेड्डी ने 13वें ओवर में जोसेफ पर दो-दो चौके मारे।
नितीश (21) हालांकि कीमो पॉल की लेग साइड से बाहर जाती गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश में विकेटकीपर होप को कैच दे बैठे।
तिलक इसके बाद गैरजरूरी तरीके से रन आउट हो गए। अक्षर ने मोती की गेंद को बाउंड्री की तरफ खेला लेकिन पूरन ने शानदार बचाव किया। तिलक को लगा कि चौका लग गया है और उन्होंने क्रीज पर वापस पहुंचने की कोशिश भी नहीं की और रन आउट हो गए।
अक्षर पटेल (20) भी इसके बाद रन आउट हुए जबकि जोसेफ ने पारी की अंतिम गेंद पर मयंक यादव को बोल्ड करके भारतीय पारी को समेटा।
