छत्तीसगढ़

बस किराया बढ़ा

साधारण बस का किराया 1.75 और वॉल्वो का 3.30 रुपए प्रति किमी

छत्तीसगढ़ संवाददाता

रायपुर, 13 अक्टूबर। प्रदेश में यात्री बसों का किराया बढ़ा दिया गया है। परिवहन विभाग की 8 अक्टूबर को जारी अधिसूचना के अनुसार नई दरें लागू कर दी गई हैं। इसके तहत साधारण बसों का किराया पहले पांच किलोमीटर के लिए 10 रुपए और इसके बाद 1.75 रुपए प्रति किलोमीटर निर्धारित किया गया है। जबकि वॉल्वो, स्केनिया और मर्सिडीज जैसी सुपर लग्जरी वातानुकूलित बसों में पहले पांच किलोमीटर के लिए 12 रुपए और इसके बाद 3.30 रुपए प्रति किलोमीटर किराया देना होगा।

नई दरों के अनुसार डीलक्स बसों में पहले पांच किलोमीटर के लिए 12 रुपए और इसके बाद 2.20 रुपए प्रति किलोमीटर किराया लगेगा। गैर-वातानुकूलित डीलक्स स्लीपर और सेमी-स्लीपर बसों में भी सीट और बर्थ के लिए 2.20 रुपए प्रति किलोमीटर की दर निर्धारित की गई है। वातानुकूलित डीलक्स स्लीपर और सेमी-स्लीपर बसों में यह दर 3.20 रुपए प्रति किलोमीटर होगी। सुपर लग्जरी वातानुकूलित बसों में सीट के लिए 3 रुपए और बर्थ के लिए 3.30 रुपए प्रति किलोमीटर की दर तय की गई है। साधारण रात्रिकालीन बसों का किराया सामान्य बसों से 10 प्रतिशत अधिक होगा।

इन यात्रियों को मिलेगी मुफ्त यात्रा की सुविधा

अधिसूचना के अनुसार नेत्रहीन, मानसिक रूप से मंदबुद्धि, दोनों पैरों से दिव्यांग, 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक और एचआईवी-एड्स पीड़ित यात्रियों को सहायक सहित निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके लिए निर्धारित सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी फोटोयुक्त प्रमाणपत्र दिखाना होगा।

नक्सल प्रभावित व्यक्ति को संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर कलेक्टर द्वारा जारी प्रमाणपत्र के आधार पर राज्य के भीतर यात्रा में 50 प्रतिशत किराये की छूट मिलेगी। किराये की गणना में 50 पैसे से अधिक की राशि को अगले पूर्ण रुपए में और 50 पैसे से कम की राशि को छोड़ने का प्रावधान है। रात्रिकालीन सेवा की श्रेणी में सूर्यास्त से सूर्योदय के बीच चलने वाली और एक तरफ 200 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने वाली बसें शामिल होंगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button