नवरात्रि पर आस्था के रंग में रंगा सरायपाली, गांव से लेकर शहर तक गूंज रहे माता के जयकारें, मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना, दुर्गा पंडालों की आकर्षक झांकियां बनीं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र।
विकास नंद/ सर्वव्यापी
शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर सरायपाली नगर सहित पूरा अंचल भक्तिमय वातावरण में सराबोर है। गांव से लेकर शहर तक मां दुर्गा के जयकारे गूंज रहे हैं। हर ओर भक्ति, आस्था और उत्साह का माहौल नजर आ रहा है। माता रानी की आराधना में लीन श्रद्धालुओं के बीच नवरात्रि पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
सरायपाली क्षेत्र के विभिन्न गांवों और नगर में स्थित माता मंदिरों में पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की जा रही है। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। भक्तजन मां दुर्गा के दर्शन कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
नवरात्रि के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों और भक्ति कार्यक्रमों से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत है।
वहीं, नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित दुर्गा पंडाल भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। आकर्षक सजावट, भव्य पंडालों और मनमोहक झांकियों के माध्यम से मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों को दर्शाया जा रहा है। शाम होते ही पंडालों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ जाती है। मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे भक्तों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो रहा है।
शारदीय नवरात्रि केवल पूजा-अर्चना का पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और सामूहिक आस्था का भी प्रतीक है। सरायपाली अंचल में लोग पूरे श्रद्धाभाव के साथ मां शक्ति की उपासना कर रहे हैं। चारों ओर गूंजते माता के जयकारों और भक्ति गीतों के बीच पूरा क्षेत्र ‘जय माता दी’ के उद्घोष से भक्तिमय नजर आ रहा है।
