छत्तीसगढ़

फेडरेशन के पेंशनर्स फोरम ने 10 मांगों का सौंपा ज्ञापन

महंगाई राहत में समानता, कैशलेस चिकित्सा, समयबद्ध पेंशन भुगतान एवं अतिरिक्त पेंशन वृद्धि की मांग

छत्तीसगढ़ संवाददाता

रायपुर, 15 अक्टूबर ।संचालनालय, पेंशन एवं भविष्य निधि ने इंद्रावती भवन में पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण के संबंध में पेंशनर संगठनों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन पेंशनर्स फोरम के प्रांतीय संयोजक बी.पी. शर्मा ने पेंशनरों की मांगों को लेकर संचालक को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पेंशनरों को समय पर पेंशन एवं सेवानिवृत्ति संबंधी स्वत्वों का भुगतान सुनिश्चित करने, पेंशनर कल्याण मंडल में सभी मान्यता प्राप्त पेंशनर संगठनों के प्रांताध्यक्षों अथवा अधिकृत प्रतिनिधियों को प्रतिनिधित्व देने तथा मंडल की बैठक प्रत्येक छह माह में नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की गई।

फेडरेशन ने केंद्र सरकार के पेंशनरों के समान डीआर देने, पेंशनरों एवं उनके परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने की मांग प्रमुखता से रखी।

ज्ञापन में सेवानिवृत्ति के दिन ही पीपीओ की ऑनलाइन सुविधा, लंबित पेंशन प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने तथा ग्रेच्युटी, अवकाश नगदीकरण, जीपीएफ एवं अन्य सेवानिवृत्ति स्वत्वों का समय पर भुगतान करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही परिवार पेंशन प्रारंभ करने की प्रक्रिया सरल बनाने की भी मांग की। फेडरेशन ने पेंशन सारांशीकरण (Commutation of Pension) की राशि की वसूली की वर्तमान 15 वर्ष की अवधि को घटाकर 10 वर्ष करने हेतु प्रचलित नियमों एवं न्यायिक निर्णयों का परीक्षण कर आवश्यक पहल करने की मांग की।

संचालक एस जयवर्धन ने मांगों एवं समस्याओं पर आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। बता दें कि जयवर्धन कल ही केंद्र में प्रतिनियुक्त किए गए हैं। जाने से पहले यह बैठक की।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button