डामर का दाम बढ़ने से सड़कों का काम छोड़कर भागे ठेकेदार, रायपुर निगम ने रेट रिवाइज करने विभाग को लिखा पत्र…
रायपुर,15 अक्टूबर 2026। बिटुमिन (डामर) के दाम बढ़ने के बाद सड़क निर्माण में लगे ठेकेदारों ने काम बंद कर दिया था. स्थिति को देखते हुए पीडब्ल्यूडी ने ठेकेदारों के लिए रेट रिवाइज किया था, लेकिन नगरीय निकाय विभाग ने नहीं किया है. ऐसे में 15वें वित्त के पैसे से रायपुर की बनने वाली छह सड़क का काम रुकने के बाद अब रायपुर नगर पालिका निगम ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को दरों में बढ़ोतरी के लिए पत्र लिखा है.
रायपुर नगर पालिका निगम ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को लिखे अपने पत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी आदेश का हवाला दिया है, जिसमें खाड़ी युद्ध जैसी उत्पन्न वैश्विक विपरीत परिस्थिति की वजह से बिटुमिन (डामर) के मूल्य में हुए अप्रत्याशित असाधारण वृद्धि के कारण डामरीकृत मार्गों के निर्माण, नवीनीकरण एवं संधारण हेतु अनुबंधित कार्यों को राज्यहित में शीघ्र पूर्ण कराने केन्द्र सरकार तथा अन्य राज्यों की भाँति, आंशिक राहत प्रदान करने राज्य सरकार ने निर्णय लिया गया था.
पत्र में बताया गया है कि रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत डामरीकरण के विभिन्न कार्य प्रगतिरत है। इन कार्यों मे रायपुर शहर के कई मुख्य मार्ग है, जिनमे प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिकों का आवागमन होता है. इनमें निर्माणाधीन छह सड़कों का हवाला देते हुए बताया कि इनमें से दो के कार्य शुरू नहीं हो पाए हैं, तो वहीं एक सड़क का 60, दूसरे का 50, तीसरे का 40 और चौथे सड़क का काम महज 10 प्रतिशत ही पूरा हुआ है.
स्थिति को देखते हुए डामरीकृत मार्गों के निर्माण, नवीनीकरण एवं संधारण हेतु अनुबंधित कार्यों को निकाय हित मे निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाना आवश्यक है. इसके लिए कार्य पूर्णता उपरांत शेष राशि और कार्यों में जीएसटी की बचत शामिल मिलाकर 458.76 लाख रुपए उपलब्ध है. अतः उक्त उपलब्ध राशि से डामर के दर मे अंतर की राशि का भुगतान गणना सूत्र के अनुसार किए जाने की अनुमति देने की बात कही गई है, जिससे की डामरीकरण के उपरोक्त कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जा सके.



