शासन-प्रशासन संग बेहतर समन्वय स्थापित करने व्यापारी संवाद अभियान लगातार जारी-सीजी कैट

रायपुर मशीनरी मर्चेंट एसोसिएशन
रायपुर, 18 अक्टूबर। व्यापारिक संगठन अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के अध्यक्ष जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, उपाध्यक्ष सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी एवं शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि कैट छत्तीसगढ़ द्वारा संचालित व्यापारी संवाद अभियान के अंतर्गत कल रायपुर मशीनरी मर्चेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कैट ने बताया कि टीम ने व्यापारियों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना तथा व्यापारिक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। संवाद कार्यक्रम के दौरान रायपुर मशीनरी मर्चेंट एसोसिएशन के व्यापारियों ने अपने कारोबार में आ रही विभिन्न समस्याओं, व्यावहारिक चुनौतियों एवं व्यापार संचालन से जुड़े विषयों से कैट की टीम को अवगत कराया। व्यापारियों ने अपनी समस्याओं एवं सुझावों को विस्तारपूर्वक रखते हुए उनके समाधान के लिए संगठन से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। मुख्य उद्देश्य व्यापारियों के बीच पहुंचकर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए ठोस प्रयास करना है। व्यापारियों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर उनके निराकरण के लिए शासन एवं प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से विषयों को रखा जाएगा। कैट छत्तीसगढ़ व्यापारिक संगठनों के साथ मिलकर कार्य करने और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
श्री पारवानी ने बताया कि रायपुर मशीनरी मर्चेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए विषयों पर गंभीरता से विचार करते हुए उन्हें संबंधित मंचों पर प्रस्तुत किया जाएगा तथा समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, कैट छत्तीसगढ़ और रायपुर मशीनरी मर्चेंट एसोसिएशन के बीच आपसी सहयोग, समन्वय एवं संवाद को भविष्य में भी निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि व्यापारियों के हितों से जुड़े विषयों पर मिलकर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



