पंजाब: मज़दूरों को तेज़ रफ़्तार कार ने कुचला, कम से कम नौ की मौत
-कुलवीर सिंह
पंजाब के संगरूर में सड़क किनारे काम कर रहे मनरेगा मज़दूरों को एक तेज़ रफ़्तार कार ने कुचल दिया, जिससे कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई. हादसे में कई अन्य मज़दूर घायल हुए हैं.
यह दुर्घटना संगरूर जिले के लेहरागागा-जाखल रोड पर हुई, जहां मनरेगा के तहत मज़दूर सड़क पर काम कर रहे थे. संगरूर के एसपी पलविंदर सिंह चीमा ने बताया कि तेज़ रफ़्तार कार ने काम कर रहे मज़दूरों को टक्कर मार दी.
उनके मुताबिक़, शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे के समय मौके पर 24 से 25 मज़दूर काम कर रहे थे. एक मोटरसाइकिल के भी दुर्घटना की चपेट में आने की सूचना मिली है, जिसकी जांच की जा रही है.
उन्होंने कहा कि आरोपी चालक हादसे के बाद मौके से फ़रार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है. पुलिस की सीआई टीम मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की पहचान कर ली गई है. जल्द ही उसे गिरफ़्तार किया जाएगा.
एसपी चीमा ने कहा कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने और परिजनों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
संगरूर सिविल अस्पताल की डॉ. नितिका ने बताया कि कई घायल अस्पताल लाए गए हैं, जिनमें से कुछ को दूसरे अस्पतालों में रेफ़र किया गया है. मृतकों में छह महिलाएं और दो पुरुष शामिल बताए गए हैं.
हादसे के बाद प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल उठे हैं.
प्रत्यक्षदर्शी हरविंदर सिंह उर्फ़ लवी ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची. उनके अनुसार कई घायल गंभीर हालत में पड़े थे, लेकिन मदद में देरी हुई. उन्होंने कहा कि बाद में स्थानीय लोगों ने ही कैंटर और छोटे मालवाहक वाहनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया.(bbc.com/hindi)



