छत्तीसगढ़

भारतीय महिला आरक्षण के बीच बेचेहरे से बेनाम हो गईं अफगान महिलाओं की भी चर्चा हो जाए..

जिस वक्त हिंदुस्तान में संसद और विधानसभाओं में महिला आरक्षण खबरों में है, उस वक्त अफगानिस्तान के एक प्रदेश में तालिबानियों से दो कदम आगे बढ़ते हुए प्रदेश सरकार ने सरकारी अमले को हुक्म दिया है किसी कागजात में महिलाओं का नाम न लिखा जाए। यहां तक कि अस्पतालों के मेडिकल रिकॉर्ड में, दवा की पर्चियों पर भी उनके नाम की जगह सिर्फ बीबी लिखा जाए। बीबी वहां पर बुजुर्ग महिलाओं को सम्मान से संबोधित करने का एक शब्द है। यह वह देश है जहां पर कुछ महिलाओं को हिकारत के साथ बकरी, या गाय भी कह दिया जाता है। अभी तक की खबरों के मुताबिक यह बात पूरे देश में लागू नहीं की गई है, लेकिन पूरे अफगानिस्तान में महिलाओं से भेदभाव का तो एक लंबा सिलसिला तालिबान के दुबारा सत्ता में आने के बाद से चल ही रहा है।

यह याद रखने की जरूरत है कि अमरीका ने तालिबानों को खत्म करने का एजेंडा लेकर अफगानिस्तान पर हमला किया था, कब्जा किया था, पूरी नाकामयाबी के साथ वहां की सरकार चलाई थी, और करीब दो दशक के बाद रातों-रात जान बचाकर, पीछा छुड़ाकर अफगानिस्तान से भाग खड़ा हुआ था। लोगों को याद होगा कि दुनिया का यह दादा देश तालिबान के साथ एक अघोषित समझौते के तहत अपने सैनिकों को लेकर जब काबुल हवाई अड्डे से भाग रहा था, तो शहर में चारों तरफ से तालिबान दाखिल हो रहे थे और छूटते हुए विमानों पर मानो अमरीकी सैनिक दौड़ते हुए चढ़ रहे थे। वे न सिर्फ ढ़ेरों गोला-बारूद और अपने फौजी हेलिकॉप्टर छोड़ भागे थे, बल्कि अफगानिस्तान में इतने बरस अपना साथ देने वाले लोगों को भी बेसहारा, तालिबानी निशाने पर छोडक़र भाग गए थे। तब से अब तक के पांच बरसों में तालिबानों ने अफगानिस्तान को अपनी पिछली हुकुमत के मुकाबले भी और अधिक हिंसक और बर्बाद कर दिया है। अफगान महिलाओं को अमरीका पहले के मुकाबले भी और खराब हालत में छोडक़र भागा था, और आज की दुनिया की जटिल कूटनीति, और फौजी रणनीति में अफगान महिलाओं की तरफ देखने की भी अधिक लोगों को फुर्सत नहीं है।

वहां लड़कियां छठवीं क्लास के बाद स्कूल नहीं जा सकती, इस तरह 24 लाख से अधिक लड़कियां मिडिल स्कूल के बाहर रह गई हैं। मेडिकल, इंजीनियरिंग, कानून, और दूसरे उच्च शिक्षा संस्थानों के दरवाजे महिलाओं के लिए बंद हैं। यह पूरे देश में लागू है। महिलाओं को तकरीबन तमाम सरकारी नौकरियों से बाहर कर दिया गया है। एनजीओ, या संयुक्त राष्ट्र के दफ्तरों में भी महिलाओं के काम करने पर रोक है। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के मुताबिक आज कुल 7 फीसदी अफगान महिलाएं किसी तरह के काम में लगी हुई हैं। अफगानिस्तान की अधिकतर जगहों पर महिलाओं को परिवार के मर्द के बिना बाहर निकलने की छूट नहीं है, वह पुरूष रिश्तेदार के बिना लंबे सफर पर भी नहीं जा सकती। अपने ही शहर में वह बगीचे, या किसी सार्वजनिक जगह पर नहीं जा सकती। संयुक्त राष्ट्र का सर्वे बताता है कि आधी अफगान महिलाओं ने यह कहा है कि वे महीने में कुल एक, या दो बार घर से निकलती हैं। महिलाओं को पूरा शरीर चादरी, या बुर्के से ढांककर रखना होता है। पूरा चेहरा ढांककर रखना होता है, आंखों के सामने कपड़े की एक जाली से वे किसी तरह बाहर देख सकती हैं। किसी सार्वजनिक जगह पर महिला के बोलने पर रोक है, और उसकी आवाज किसी दूसरे को सुनाई दी तो उस पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। बीच में ऐसा भी आदेश आया था कि महिला अपने घर पर भी कुरान इतनी आवाज में नहीं पढ़ सकती कि वह खिडक़ी-दरवाजे से बाहर तक जाए।

महिलाओं के मेडिकल शिक्षा के बाहर हो जाने से महिला-डॉक्टरों और नर्सों की गिनती गिरती जा रही है। कई समुदायों में परिवार ही अपनी महिला मरीज को किसी पुरूष डॉक्टर तक नहीं ले जाते। इससे महिलाओं के बच्चे पैदा होने पर उनकी देखरेख में बुरी तरह गिरावट आई है। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में मातृ मृत्यु दर 87 है, और अफगानिस्तान में यह 638 है। मातृ मृत्यु दर गर्भावस्था के दौरान, या प्रसव के 42 दिनों के भीतर गर्भावस्था से संबंधित कारणों से मरने वाली महिलाओं की गिनती होती है। इसे एक लाख जीवित जन्मों पर गिना जाता है। अब भारत से तुलना करते हुए यह देखना आसान है कि भारत में यह आंकड़ा 87 है, और अफगानिस्तान में 638 है। फिर मानो यह काफी न हो तो कुछ अरसा पहले जब अफगानिस्तान में भूकंप आया, इमारतों के मलबे में इंसान दब गए, तो वहां दबी हुई महिलाओं को निकालने में बचाव दल के मर्द पीछे हट गए क्योंकि वहां किसी गैरऔरत को छूने पर कानूनी रोक है। और वैसे भी मर्द बचावकर्मियों की दिलचस्पी औरतों को बचाने में थी नहीं।

आज जब भारत में राहुल गांधी सरीखे नेता इजराइल और फिलिस्तीन के संदर्भ में यह बात कहते हैं कि देश को वही करना चाहिए जो उसके राष्ट्रीय हित में है, तो यह तंग नजरिया सवाल खड़े करता है कि क्या अफगान महिलाओं को, फिलीस्तीन के बच्चों को उन्हीं के हाल पर छोड़ दिया जाए। अगर गांधी ने यही सोचा होता तो दक्षिण अफ्रीका के रंगभेद के खिलाफ आवाज क्यों उठाते? नेहरू ने अगर यही सोचा होता तो फिलिस्तीन के हक की वकालत क्यों करते? आज दुनिया लीडर के बजाय ट्रंप जैसे डीलर के हांके चल रही है, और खरीदी की ताकत से परे की गरीब अफगान महिलाएं ट्रंप के किसी टैरिफ में मायने नहीं रखतीं। और इसीलिए दुनिया अफगान महिलाओं को पारदर्शी मानकर चल रही है। आज दुनियाभर के जो अंतरराष्ट्रीय संगठन अफगानिस्तान में मानवीय मदद भेज रहे हैं वे भी तालिबानों पर यह दबाव नहीं डाल पा रहे कि उन्हें अफगान महिलाओं को इंसानों की तरह रखना होगा। हालत यह है कि दिल्ली आए हुए अफगान-तालिबान नेताओं ने अपनी पे्रस कांफे्रंस से महिला पत्रकारों को बाहर कर दिया था।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button