लाडवा अनाज मंडी में मोटे धान की सरकारी खरीद शुरू, किसानों को मिली बड़ी राहत

लाडवा: हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार प्रदेशभर की तरह लाडवा अनाज मंडी में भी मंगलवार से मोटे धान की सरकारी खरीद विधिवत रूप से शुरू हो गई है। सरकारी खरीद शुरू होने से उन किसानों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है, जिनकी फसलें मंडी में पहले से पहुंच चुकी थीं। मौसम खराब होने के कारण किसानों को नुकसान का अंदेशा बना हुआ था, जो अब दूर हो गया है।
सरकार खरीदेगी किसान की फसल का एक-एक दाना
मार्केट कमेटी अध्यक्ष डॉ. गणेश दत्त की अगुवाई में और सचिव संत कुमार तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग व खरीद एजेंसियों के अधिकारियों की मौजूदगी में खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया। डॉ. गणेश दत्त ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार फैसले ले रही है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि सरकार फसल का एक-एक दाना खरीदेगी और इस दौरान किसी भी किसान को परेशानी नहीं आने दी जाएगी। साथ ही, उन्होंने किसान, आढ़ती और खरीद एजेंसियों से आपसी सहयोग से व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
केवल 17 प्रतिशत नमी वाले धान की होगी खरीद
मार्केट कमेटी के सचिव संत कुमार ने स्पष्ट किया कि नियमानुसार मंडी में केवल 17 प्रतिशत नमी तक वाले धान की ही सरकारी खरीद की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे अपनी धान की फसल को खेत में अच्छी तरह से सुखाकर ही मंडी में लेकर आएं। नमी कम होने से मंडी में फसल को अनावश्यक रूप से रोकने की नौबत नहीं आएगी और जाम की समस्या से भी बचा जा सकेगा।
व्यापारियों और आढ़तियों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
सरकारी खरीद शुरू होने पर अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान राजीव आर्य ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने व्यापारियों से संयम और सहयोग के साथ काम करने की अपील की और आश्वस्त किया कि खरीद एजेंसियों द्वारा नियमानुसार खरीद की जाएगी। वहीं, विस्तार मंडी के प्रधान स्वीटी भुल्लर ने कहा कि पिछले दो दिनों से मौसम खराब चल रहा था और मंडी में बड़ी मात्रा में धान पहुंच चुका था। ऐसे में सरकारी खरीद का यह फैसला समय की सबसे बड़ी जरूरत था, जिससे सभी को फायदा मिलेगा।



