छत्तीसगढ़

अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी नागरिक को किया निर्वासित

दुर्ग पुलिस व केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई

छत्तीसगढ़संवाददाता
भिलाई नगर, 24 अक्टूबर। दुर्ग जिले में अवैध रूप से निवासरत विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। यहां अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी नागरिक रीना अख्तर को विधिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद भारत से डिपोर्ट (निर्वासित)कर दिया गया है।

दुर्ग पुलिस की विशेष टीम ने पश्चिम बंगाल पहुंचकर इंटेलिजेंस ब्यूरो और सीमा सुरक्षा बल के साथ समन्वय स्थापित कर 23 अक्टूबर को इस निर्वासन की कार्रवाई को अंजाम दिया।

जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि उक्त महिला ने फर्जी तरीके से आधार कार्ड, राशन कार्ड समेत अन्य भारतीय पहचान पत्र तैयार करवा लिए थे। पुलिस ने इन अवैध दस्तावेजों के दुरुपयोग को रोकने और भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को पत्र लिखकर सभी दस्तावेजों के सत्यापन व निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध विदेशी नागरिकों की धरपकड़ और दस्तावेजों का सत्यापन अभियान केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से लगातार जारी रहेगा। साथ ही, आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध विदेशी नागरिक अथवा फर्जी दस्तावेजों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर1800-233-1905पर सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कदम उठाए जा सकें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button