छत्तीसगढ़

बेयरफुट कॉलेज के संस्थापक संजीत बंकर रॉय का 81 वर्ष की आयु में निधन

जयपुर, 10 नवंबर। प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता एवं बेयरफुट कॉलेज के संस्थापक संजीत बंकर रॉय का मंगलवार सुबह राजस्थान के अजमेर जिले के तिलोनिया स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे।

उनसे जुड़े लोगों ने एक बयान में कहा कि रॉय ने अपनी पत्नी एवं प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा रॉय तथा अन्य करीबी लोगों की मौजूदगी में अंतिम सांस ली।

बयान में कहा गया, बंकर रॉय ने मंगलवार सुबह छह बजकर 15 मिनट पर अरुणा और अन्य करीबियों की मौजूदगी में अंतिम सांस ली। उन्होंने तिलोनिया स्थित अपने घर में अपनों के बीच दुनिया को अलविदा कहा।

सामाजिक कार्यकर्ता निखिल डे ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार मंगलवार शाम चार बजे तिलोनिया में किया जाएगा।

पांच दशक से अधिक समय तक ग्रामीण विकास और महिला सशक्तीकरण के लिए काम करने वाले रॉय ने 1972 में तिलोनिया में सामाजिक कार्य एवं अनुसंधान केंद्र की स्थापना की थी, जिसे बेयरफुट कॉलेज के नाम से जाना जाता है।

राजस्थान के एक छोटे से गांव से शुरू हुई यह पहल ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने वाली संस्था बन गई।

रॉय का मानना था कि ग्रामीण लोग औपचारिक शिक्षा से वंचित होने के बावजूद तकनीकी कौशल सीखकर अपने समुदाय की समस्याओं का समाधान स्वयं कर सकते हैं।

बेयरफुट कॉलेज ने ग्रामीण लोगों को सौर ऊर्जा, जल संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़े कार्यों का प्रशिक्षण दिया। संस्था के कार्यक्रमों में ग्रामीण विकास में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

संस्था की सबसे चर्चित पहल में ग्रामीण महिलाओं को सौर ऊर्जा प्रणालियों की स्थापना और रखरखाव का प्रशिक्षण देना शामिल था। इनमें ऐसी महिलाएं भी थीं, जिन्होंने कभी विद्यालय का मुंह तक नहीं देखा था। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये महिलाएं अपने गांवों में लौटकर दूरदराज के इलाकों में घरों तक बिजली पहुंचाने का काम करती थीं।

बाद में इस पहल का विस्तार भारत से बाहर भी हुआ और कई देशों की महिलाएं सौर ऊर्जा का प्रशिक्षण लेने के लिए तिलोनिया आने लगीं।

संस्था ने वर्षा जल संचयन, ग्रामीण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और पारंपरिक हस्तशिल्प के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय काम किया। इसके शिक्षा कार्यक्रमों के तहत ऐसे बच्चों के लिए रात्रिकालीन विद्यालय भी चलाए गए, जो दिन में काम करने या परिवार की मदद करने के कारण नियमित विद्यालय नहीं जा पाते थे।

रॉय की विकास संबंधी सोच महात्मा गांधी के ग्राम स्वावलंबन के विचारों से प्रेरित थी।

उनके करीबियों के अनुसार, रॉय का मानना था कि बुनियादी सुविधाओं के लिए ग्रामीण समुदायों को पूरी तरह बाहरी विशेषज्ञों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें अपनी जरूरतों के समाधान के लिए स्वयं सक्षम बनाया जाना चाहिए।(भाषा)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button