छत्तीसगढ़

पदाधिकारियों को आचरण में शुद्धता बनाए रखने की सलाह दी भागवत ने

संगठन के विस्तार और प्रचारकों की चुनौतियों पर चर्चा, भाजपा नेता भी मिले

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 24 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने अपने दो दिवसीय बिलासपुर प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार को क्षेत्रीय पदाधिकारियों और संगठन प्रमुखों के साथ दो अलग-अलग सत्रों में बैठक की। इन बैठकों में संगठन की कार्यप्रणाली, विस्तार की योजना और प्रचारकों को सामाजिक क्षेत्र में काम करते समय आने वाली चुनौतियों पर चर्चा हुई।

बैठकों के दौरान भागवत ने प्रचारकों से समाज के बीच काम करते समय आने वाली कठिनाइयों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पदाधिकारियों के साथ संघ की संरचना, गतिविधियों और संगठनात्मक कामकाज पर भी चर्चा की। संगठन के विस्तार से जुड़े विषय भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहे।

संघ प्रमुख ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों, प्रचारकों और संगठन प्रमुखों को समाज में काम करते समय अपने व्यक्तिगत जीवन में शुद्धता बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का आचरण ऐसा होना चाहिए, जिससे दूसरे लोग उनसे प्रेरणा ले सकें।

आरएसएस प्रमुख भागवत से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, विधायक सुशांत शुक्ला और रजनीश सिंह सहित संभाग के संघ पदाधिकारी, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने मुलाकात की।

इससे पहले प्रवास के पहले दिन डॉ. भागवत ने बौद्धिक वर्ग को संबोधित किया था।

कोनी-बिरकोना मार्ग स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में दूसरे दिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संघ पदाधिकारियों की गतिविधियां जारी रहीं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भागवत का काफिला परिसर से उसलापुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुआ। वहां से वे अमरकंटक एक्सप्रेस से रवाना हो गए।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button