छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती 2026 में बड़ा बदलाव, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए खुलेंगे नए अवसर, 1654 पदों के विज्ञापन में संशोधन।
विकास नंद/ सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती 2026 को लेकर दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में लोक शिक्षण संचालनालय ने शिक्षक भर्ती के विस्तृत विज्ञापन में संशोधन करते हुए शुद्धि पत्र जारी किया है। इस संशोधन से विभिन्न विषयों के शिक्षक पदों के लिए पात्र दिव्यांगता श्रेणियों का दायरा बढ़ाया गया है। इससे पहले पात्रता से वंचित रह गए अभ्यर्थियों को भी आवेदन का नया अवसर मिल सकेगा।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी हुआ शुद्धि पत्र
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, यह संशोधन छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में याचिका क्रमांक WPS No. 6783 of 2026 (मीनाक्षी मंगलेकर एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य) में 9 अक्टूबर 2026 को पारित निर्णय के अनुपालन में किया गया है।इससे पहले स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत शासकीय शालाओं में ई-संवर्ग और टी-संवर्ग के शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए 7 अगस्त 2026 को विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया था। अब संशोधित विज्ञापन के माध्यम से दिव्यांग अभ्यर्थियों की पात्रता संबंधी प्रावधानों में बदलाव किया गया है।
इन विषयों में बढ़ाया गया दिव्यांगता श्रेणियों का दायरा
संशोधन के तहत हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और सामाजिक विज्ञान विषयों के शिक्षक पदों के लिए पूर्ण दृष्टिबाधिता (Blind) और सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral Palsy) को उपयुक्त दिव्यांगता श्रेणियों में शामिल किया गया है।इसी तरह गणित विषय के शिक्षक पदों के लिए सेरेब्रल पाल्सी एवं कुष्ठ रोग से उपचारित दिव्यांगता को शामिल किया गया है। कृषि विषय के शिक्षक पदों के लिए सेरेब्रल पाल्सी को उपयुक्त श्रेणी में स्थान दिया गया है।इसके अतिरिक्त दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित पदों का वर्गीकरण चार प्रमुख समूहों में किया गया है। इनमें दृष्टिबाधिता (VI), श्रवण बाधिता (HI), अस्थिबाधिता (OI) और बहुदिव्यांगता (MD) शामिल हैं।ई-संवर्ग में 868 और टी-संवर्ग में 786 पदसंशोधित विज्ञापन के अनुसार, विभिन्न विषयों में कुल 1654 पदों पर भर्ती का प्रावधान किया गया है। इनमें ई-संवर्ग के 868 और टी-संवर्ग के 786 पद शामिल हैं।
ई-संवर्ग के विषयवार पद:हिंदी — 109 पदसंस्कृत — 150 पदअंग्रेजी — 319 पदगणित — 135 पदसामाजिक विज्ञान — 150 पदकृषि — 5 पदकुल — 868 पदटी-संवर्ग के विषयवार पद:हिंदी — 141 पदसंस्कृत — 150 पदअंग्रेजी — 185 पदगणित — 115 पदसामाजिक विज्ञान — 100 पदकृषि — 95 पदकुल — 786
आवेदन की नई तारीख का इंतजार
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि संशोधन के दायरे में आने वाले नए पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा अलग से घोषित की जाएगी। ऐसे अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा।
शुद्धि पत्र से संबंधित विस्तृत जानकारी संबंधित विभागीय एवं भर्ती संबंधी आधिकारिक वेबसाइटों पर देखी जा सकती है। 7 अगस्त 2026 को जारी मूल विज्ञापन की अन्य शर्तें और कंडिकाएं यथावत रहेंगी।इस संशोधन से शिक्षक भर्ती में दिव्यांग अभ्यर्थियों की भागीदारी का दायरा बढ़ने की उम्मीद है। अब नए पात्र अभ्यर्थियों की नजर आवेदन की नई तारीख पर रहेगी।
