छत्तीसगढ़

दुर्ग में सुबह पुलिस की बड़ी दबिश, 200 जवानों ने खंगाले संदिग्धों के ठिकाने, 2 वारंटी बंदी

छत्तीसगढ़संवाददाता
भिलाई नगर, 28 अक्टूबर। दुर्ग जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने बुधवार तड़के एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। दुर्ग, भिलाई नगर और छावनी अनुविभाग के संवेदनशील इलाकों में एक साथ दी गई इस दबिश में करीब 200 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। इस दौरान घर-घर जाकर रहवासियों के रिकॉर्ड जांचे गए, जिसमें 2 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह अभियान मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार, संदिग्ध गतिविधियों और पुराने अपराधियों की धरपकड़ के मकसद से चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पद्मनाभपुर की उडिय़ा बस्ती में सीएसपी दुर्ग भारती मरकाम, सुपेला स्थित अटल आवास में सीएसपी भिलाई नगर निशांत पाठक और खुर्सीपार के अटल आवास, देवार बस्ती में डीएसपी ट्रैफिक विशाल सोन ने मोर्चा संभाला।

अभियान में विभिन्न थानों के बल के साथ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एसीसीयू, ट्रैफिक और पुलिस लाइन का बल मौजूद रहा। तलाशी के दौरान खुर्सीपार देवार बस्ती से लंबे समय से फरार चल रहे दो स्थायी वारंटियों को पकड़ा गया, वहीं कई संदिग्धों से पूछताछ कर उनके रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button