सोना चमकाने के बहाने 10 लाख के जेवर लेकर 2 फरार

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायगढ़, 29 अक्टूबर। रायगढ़ जिले में ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें सोना चमकाने का झांसा देकर दो अज्ञात व्यक्ति लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने पहले बर्तन और चांदी के सामान की सफाई कर घरवालों का भरोसा जीता, फिर सोने के जेवर साफ करने के बहाने करीब 8 से 10 लाख रुपये के आभूषण अपने कब्जे में ले लिए। घटना के बाद पीडि़त परिवार ने धरमजयगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
धरमजयगढ़ के बहेरापारा निवासी सोनू ठाकुर के घर दो अज्ञात व्यक्ति पहुंचे थे। दोनों ने पहले घर के बर्तन और चांदी के सामान की सफाई की। इसके बाद उन्होंने सोने के जेवर भी चमकाने का दावा किया। उनकी बातों में आकर घरवालों ने करीब 8 से 10 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण साफ करने के लिए उन्हें सौंप दिए।
बताया जा रहा है कि दोनों व्यक्तियों ने सोने के जेवर एक कटोरी में डाले और उसमें हल्दी, पानी व केमिकल मिलाया। इसके बाद कटोरी को करीब 10 मिनट तक उबालने के लिए कहा। साथ ही यह हिदायत दी कि केमिकल मिला होने के कारण कटोरी को हाथ न लगाएं।
इसी बीच दोनों ने घरवालों से कहा कि वे पास के घर से होकर वापस लौटेंगे। उनकी बात पर भरोसा कर परिवार इंतजार करता रहा, लेकिन दोनों वापस नहीं आए। काफी देर बाद जब उनके लौटने की उम्मीद खत्म हुई, तब ठगी का एहसास हुआ। दोनों आरोपी सोने के जेवर लेकर फरार हो चुके थे।
घटना के बाद पीडि़त पक्ष ने धरमजयगढ़ थाने में लिखित शिकायत दी है। मामले में पुलिस जांच और आरोपियों की पहचान को लेकर आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने आनी बाकी है। फिलहाल दोनों अज्ञात व्यक्तियों का पता नहीं चल पाया है।



