सौरव गांगुली और फ़िल्म ‘दूसरा’ के बीच क्या है विवाद? दिल्ली हाई कोर्ट ने दिया निर्देश

दिल्ली हाई कोर्ट ने शुक्रवार को कहा कि फ़िल्म दूसरा में पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली के व्यक्तित्व और उनसे जुड़े अधिकारों का उल्लंघन किया गया है.
क़ानूनी मामलों से जुड़ी ख़बरों और विश्लेषणों की वेबसाइट बार एंड बेंच के मुताबिक़, जस्टिस तेजस करिया ने कहा कि गांगुली की पहचान और उनसे जुड़ी घटनाएं फ़िल्म की कहानी का अहम हिस्सा हैं. इसलिए फ़िल्म से इन हिस्सों को हटाना संभव नहीं है.
कोर्ट ने फ़िल्म बनाने वाली कंपनी रमेश देव प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड को आदेश दिया कि वह फ़िल्म की शुरुआत और अंत में हिंदी और अंग्रेज़ी में एक डिस्क्लेमर दिखाए.
अदालत ने कहा, इसमें साफ़ लिखा होना चाहिए कि गांगुली ने फ़िल्म में अपनी पहचान और व्यक्तित्व के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी है. साथ ही,यह भी बताया जाए कि फ़िल्म का मक़सद उनके अधिकारों का उल्लंघन करना नहीं है.
निर्माताओं को कोर्ट के आदेश के दो दिनों के भीतर यह डिस्क्लेमर देना होगा.
इसके अलावा, कोर्ट ने फ़िल्म निर्माताओं को दो हफ़्ते के भीतर दो करोड़ रुपये की बिना शर्त बैंक गारंटी जमा करने का निर्देश दिया है.
कोर्ट ने कहा कि अगर निर्माता इनमें से किसी भी शर्त का पालन नहीं करते हैं, तो उन्हें फ़िल्म या उसके किसी भी हिस्से का व्यावसायिक इस्तेमाल करने से रोक दिया जाएगा. यह रोक उनकी ओर से काम करने वाले लोगों पर भी लागू होगी.
यह आदेश सौरव गांगुली और फ़िल्म निर्माण कंपनी लव फ़िल्म्स एलएलपी की याचिका पर दिया गया. दोनों ने फ़िल्म की रिलीज़ पर रोक लगाने की मांग की थी.(bbc.com/hindi)



