छत्तीसगढ़

डॉक्टर के सूने मकान में 1 करोड़ की चोरी का खुलासा, 9 बंदी

यूपी-महाराष्ट्र तक पीछा, जमीन में गाडक़र छिपाया था सोना

छत्तीसगढ़ संवाददाता

भिलाई नगर, 31 अक्टूबर। दुर्ग जिले के थाना वैशाली नगर क्षेत्र अंतर्गत सुंदर नगर में एक महिला डॉक्टर के सूने मकान से नगदी, सोने-चांदी एवं डायमंड आभूषणों की करीब एक करोड़ रुपये की चोरी की गुत्थी को दुर्ग पुलिस ने सुलझा लिया है। छत्तीसगढ़ से लेकर महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश तक पीछा कर पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चोरी का सोना गलाने वाला सुनार और माल खपाने वाले सहयोगी भी शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 47 लाख 64 हजार रुपये नगद, जेवरात, लग्जरी गाडिय़ां और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की है। गिरोह का मुख्य सरगना फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश सरगर्मी से की जा रही है।

ज्ञात हो कि डॉ. नमिता मित्तल 17 अक्टूबर को परिवार सहित बाहर गई थीं। 23 अक्टूबर को लौटने पर घर की अलमारियों के ताले टूटे मिले और नकदी समेत भारी मात्रा में जेवरात गायब थे। शिकायत पर वैशाली नगर थाने में धारा 331(4) और 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी (शहर) और सीएसपी भिलाई नगर के नेतृत्व में वैशाली नगर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के दौरान वैशाली नगर क्षेत्र के आदतन बदमाश राहुल बंसोड़ और उसके साथियों की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं, जो वारदात के बाद से ही शहर छोडक़र फरार थे।

नाव से गंगा पार कर भाग रहा था आरोपी

पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा करते हुए पहले महाराष्ट्र के गोंदिया और नागपुर में दबिश दी। तकनीकी लोकेशन के आधार पर विशेष टीम उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर एवं भदोही पहुंची। मुख्य आरोपी पुलिस से बचने के लिए प्रयागराज और मिर्जापुर के बीच गंगा नदी में नाव के जरिए ठिकाने बदल रहा था। स्थानीय पुलिस की मदद से की गई घेराबंदी में आरोपी प्रदीप कुमार चौधरी (20 वर्ष) को दबोचा गया। कड़ाई से पूछताछ में उसने जुर्म कबूल किया। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के कमरे के फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाए गए सोने के जेवरात और नकदी बरामद की गई।

भट्टी में गलाकर बदला सोने का स्वरूप, दिल्ली से खरीदी एक्सयूवी

जांच में सामने आया कि प्रदीप ने चोरी का सोना भदोही स्थित वैष्णवी ज्वेलर्स के संचालक सोनू जायसवाल को औने-पौने दाम पर बेचा था। सुनार ने पकड़े जाने के डर से अपनी भट्टी में सोने को गलाकर उसका स्वरूप बदल दिया था। वहीं, चोरी के पैसों से आरोपी प्रदीप ने अपने घर में बोरिंग, मकान मरम्मत और सुपर स्प्लेंडर बाइक खरीदी। मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ ने चोरी की रकम से दिल्ली जाकर सेकंड हैंड एक्सयूवी कार डीएल 10 एन 1411 खरीदी थी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button