लौह नगरी किरंदुल में गूंजेगा जय माता दी का जयकारा, श्री राघव मंदिर में शारदीय नवरात्र महापर्व का भव्य शुभारंभ रविवार से
किरंदुल : लौह नगरी किरंदुल के बैलाडीला देवस्थान स्थित श्री राघव मंदिर में रविवार से शारदीय नवरात्र महापर्व श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ प्रारंभ होने जा रहा है।
इस पावन अवसर पर मंदिर में मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। माँ जगदंबा के जयकारों, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण से पूरा देवस्थान गुंजायमान होगा।
नौ दिनों तक माँ की भक्ति का पावन अवसर
नवरात्र केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, संस्कार और सामूहिक श्रद्धा का महोत्सव है। मंदिर समिति ने सभी नगरवासियों से आह्वान किया है कि वे माँ दुर्गा के श्रीचरणों में अपने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति एवं किरंदुल नगर की खुशहाली की मंगलकामना करें।
सुबह-शाम की आरती में शामिल होने का आह्वान
बैलाडीला देवस्थान समिति एवं गायत्री परिवार, किरंदुल की ओर से समस्त नगरवासियों, माताओं-बहनों, युवाओं, वरिष्ठजनों एवं श्रद्धालुओं से सादर निवेदन किया गया है कि अपने परिवार सहित प्रतिदिन प्रातः एवं संध्या आरती में सम्मिलित होकर माँ जगदंबा की आराधना करें।
समिति ने कहा – माँ के दरबार में जो श्रद्धा से शीश झुकाता है, माँ जगदंबा का आशीष उसके जीवन को सुखमय बनाता है।

