सशक्त नारी और युवा उड़ान से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़- डिप्टी सीएम साव

जिला स्तरीय राज्योत्सव का उद्घाटन
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 3नवंबर।छत्तीसगढ़ के26वें स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि सशक्त महिलाएं और हुनरमंद युवा ही विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार जनकल्याण,बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।
उप मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ के लोगों की भावनाओं और यहां की परिस्थितियों को समझते हुए अलग राज्य का तोहफा दिया था।
इस वर्ष राज्योत्सव की थीमसशक्त नारी,युवा उड़ानको सरकार की प्राथमिकताओं से जोड़ते हुए साव ने कहा कि महतारी वंदन योजना और बिहान जैसी योजनाओं के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है।
युवाओं के लिए शिक्षा और कौशल विकास के नए संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं। फैशन डिजाइनिंग जैसे क्षेत्रों में भी अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। प्रत्येक जिले में नालंदा परिसर बनाने की योजना का उद्देश्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराना है।
उन्होंने मैनपाट टीम के11वीं कक्षा के छात्र मोहित का उदाहरण देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी अपनी टीमों को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र की दो युवा खिलाड़ियों की उपलब्धियों की भी सराहना की।
महापौर पूजा विधानी और कलेक्टर संजय अग्रवाल ने भी इस मौके पर विचार रखे।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने नशामुक्ति और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए स्वाति दीदी को सम्मानित किया। उन्होंने विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का भी अवलोकन किया और योजनाओं,उपलब्धियों तथा नई पहलों की जानकारी ली।
कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। दर्शकों ने देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला,जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी,पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडेय,सहकारी बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह,नगर निगम सभापति विनोद सोनी,दीपक सिंह ठाकुर,मोहित जायसवाल,संभागायुक्त सुनील जैन,पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग और मुख्य वन संरक्षक मनोज पांडेय सहित जनप्रतिनिधि,अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

