ताजा खबर

सड़क तो बना दी पर किनारों पर भराव नहीं दुर्घटनाओं का खतरा

छुरिया : सड़क का दो बार डामरीकरण हुआ, लेकिन किनारों पर मिट्टी का भराव नहीं कराया गया। अब सड़क के दोनों ओर बनी गहरी जगह वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बन रही है। छुरिया-बंजारी मार्ग पर चारभांठा के पास की इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता, राजनांदगांव को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने सड़क के दोनों ओर मुरुम डालकर साइड सोल्डर बनाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया कि चारभांठा के पास लगभग दो किलोमीटर सड़क का दो बार डामरीकरण कराया जा चुका है, लेकिन सड़क के किनारों पर मिट्टी का भराव नहीं किया गया। इससे सड़क और आसपास की जमीन के बीच गहराई बन गई है। ऐसे में वाहन चालकों को सड़क से नीचे उतरने या किनारे से गुजरने में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो दुर्घटनाएं हो सकती हैं।

0 विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता

ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। प्राथमिक विद्यालय से लेकर उच्च शिक्षा तक के विद्यार्थी पैदल और साइकिल से इसी रास्ते से गुजरते हैं। सड़क के किनारों पर साइड सोल्डर नहीं होने से विद्यार्थियों के साथ अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क के दोनों ओर मुरुम डालकर साइड सोल्डर का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि सड़क किनारे का स्तर समतल हो सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो। ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व सरपंच धर्मेंद्र साहू, आधार सिंग कुंजाम, देवासुराम कुंजाम, छगनलाल कतलाम, चम्मनलाल यादव, देशमुख कुंजाम, रामकुमार साहू, लखनलाल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button