ताजा खबर

दीपावली पर रोशनी से जगमगाएगा आरंग, अध्यक्ष निधि से सुधर रही वार्डों की प्रकाश व्यवस्था

रामकुमार गुप्ता आरंग :  दीपावली के पावन पर्व पर पूरे नगर को रोशनी से जगमगाने और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद आरंग ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन की पहल पर अध्यक्ष निधि से नगर के विभिन्न वार्डों, प्रमुख मार्गों तथा गली-मोहल्लों में प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम तेजी से कराया जा रहा है।

त्योहार के दौरान नगरवासियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं अथवा असुविधाओं की आशंका न रहे, इसके लिए बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के साथ ही जरूरत के अनुसार नए स्थानों पर लाइटें भी लगाई जा रही हैं। अध्यक्ष डॉ. जैन ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि दीपावली से पहले नगर के सभी वार्डों में प्रकाश व्यवस्था सुचारु कर ली जाए, ताकि मुख्य सड़कों से लेकर अंदरूनी गलियों तक पर्याप्त रोशनी रहे।

जनशिकायतों के निराकरण पर भी विशेष ध्यान

नगर पालिका परिषद द्वारा केवल प्रकाश व्यवस्था ही नहीं, बल्कि नागरिकों की रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान को भी प्राथमिकता दी जा रही है। शासन की जन शिकायत निवारण सेवाओं ‘निदान 1100’ एवं ‘मुख्यमंत्री जन शिकायत हेल्पलाइन’ के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा कर उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जा रहा है। साफ-सफाई, पेयजल तथा अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अमले को मौके पर पहुंचकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने कहा कि दीपावली खुशियों, उल्लास और रोशनी का पर्व है। इस अवसर पर नगर के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित वातावरण, स्वच्छ परिवेश और बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के साथ-साथ नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने विश्वास जताया कि नगर पालिका परिषद आरंग जनहित के कार्यों को इसी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी। *‘जनसेवा ही संकल्प, नगर का विकास ही प्राथमिकता’* के ध्येय वाक्य के साथ दीपावली से पहले नगर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और रोशनी से परिपूर्ण बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button