ऑपरेशन निश्चय का बड़ा प्रहार: रेहटीखोल में 560 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के दो तस्कर गिरफ्तार।

विकास नंद/सर्वव्यापी
गांजा तस्करी के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट के पास 560 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी गई है। तस्करी में इस्तेमाल आयशर माजदा वाहन और दो मोबाइल फोन सहित कुल 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में महाराष्ट्र के जलगांव जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद से 9 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि आयशर माजदा प्रो 3015 वाहन क्रमांक MH 18 BG 7546 में गांजे की खेप ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए महाराष्ट्र ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने रेहटीखोल चेक पोस्ट के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
कैरेट के नीचे बोरियों में छिपाई थी गांजे की खेप
वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को संदेह हुआ। तलाशी लेने पर वाहन के डाले में कैरेट के नीचे छिपाकर रखी गई 16 बोरियों से गांजा बरामद हुआ। प्रत्येक बोरी में 35 किलोग्राम गांजा था। इस प्रकार कुल 560 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजे को ओडिशा के बरहमपुर से लोड कर महाराष्ट्र के जलगांव जिले में ले जा रहे थे। पुलिस को चकमा देने के उद्देश्य से गांजे की बोरियों को कैरेट के नीचे छिपाकर रखा गया था।
महाराष्ट्र के दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय रविन्द्र पवार (30 वर्ष), निवासी सोनबरक्षी, थाना एरंडोल तथा स्वराज महाजन (25 वर्ष), निवासी कसोदा आडगांव, थाना कसोदा, जिला जलगांव, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 करोड़ 80 लाख रुपये मूल्य का गांजा, 15 लाख रुपये का आयशर माजदा वाहन और 8 हजार रुपये के दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये बताया गया है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 120/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(सी) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।ऑपरेशन निश्चय के तहत हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। महासमुंद पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना, त्वरित नाकेबंदी और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स व सिंघोड़ा पुलिस के समन्वय से यह सफलता मिली।
