ताजा खबर

पटवारियों की हड़ताल के बीच नंदई हल्के का अतिरिक्त प्रभार देने पर विवाद

राजनांदगांव : जिले में पटवारियों की हड़ताल के बीच नंदई हल्के का अतिरिक्त प्रभार सौंपने को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। तहसीलदार राजनांदगांव प्यारे लाल नाग ने तीन नवंबर को आदेश जारी कर पटवारी लोकेश देवांगन को हल्का नंबर-41 ग्राम नंदई का अतिरिक्त प्रभार आगामी आदेश तक सौंप दिया है। इस नियुक्ति को लेकर अब प्रशासनिक अधिकार क्षेत्र पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि हल्के का प्रभार सौंपना एसडीएम के अधिकार क्षेत्र में आता है, ऐसे में तहसीलदार की ओर से जारी इस आदेश को लेकर विवाद की स्थिति बन रही है।

तहसीलदार कार्यालय से जारी आदेश में प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन, शासकीय कार्यों के समयबद्ध निष्पादन और जनहित को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त प्रभार सौंपने का उल्लेख किया गया है। आदेश तत्काल प्रभावशील किया गया है। इसकी प्रतिलिपि कलेक्टर की भू-अभिलेख शाखा, एसडीएम राजनांदगांव और संबंधित पटवारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

इधर, जिले के 158 पटवारी पिछले पखवाड़े भर से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। प्रशासन की ओर से काम पर लौटने के निर्देश और नोटिस जारी किए जाने के बावजूद पटवारी आंदोलन पर अड़े हुए हैं। कलेक्टोरेट के सामने उनका धरना जारी है। ऐसे में हड़ताल के बीच एक पटवारी को अतिरिक्त हल्के का प्रभार सौंपने के आदेश ने प्रशासनिक हलचल बढ़ा दी है। पटवारी संघ का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। काम पर लौटने के निर्देश देने के बजाय प्रशासन को मांगों के निराकरण की दिशा में पहल करनी चाहिए। संघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मांगों पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा। पटवारियों की मांगों में पीवी ऐप से जुड़ी तकनीकी समस्या का निराकरण भी शामिल है। प्रशासन की ओर से पटवारियों को काम पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस जारी होने के बाद भी काम पर नहीं लौटने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button