अचानकमार टाइगर रिजर्व में कल से जंगल सफारी, अब केंवची गेट से भी मिलेगी एंट्री

अमरकंटक और रतनपुर जाने वाले पर्यटकों को होगी सुविधा, ऑनलाइन बुकिंग और ठहरने की भी व्यवस्था
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 31अक्टूबर।अचानकमार टाइगर रिजर्व में रविवार, 1नवंबर से जंगल सफारी का नया सीजन शुरू हो रहा है। इस बार पर्यटकों को शिवतराई गेट के अलावा केंवची गेट से भी जंगल में प्रवेश की सुविधा मिलेगी। नए प्रवेश मार्ग के शुरू होने से अमरकंटक और रतनपुर की ओर से आने वाले पर्यटकों को लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा। टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने सफारी वाहनों,ऑनलाइन एडवांस बुकिंग और ठहरने की व्यवस्था भी की है।
अब तक अचानकमार टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के लिए पर्यटकों को शिवतराई गेट से ही प्रवेश करना पड़ता था।1नवंबर को नवनिर्मित केंवची प्रवेश द्वार का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद पर्यटक अपनी सुविधा के अनुसार दोनों प्रवेश मार्गों में से किसी एक का चयन कर सकेंगे।
अमरकंटक की तरफ से आने वाले पर्यटक केंवची पहुंचकर सफारी की बुकिंग करा सकेंगे और उसी गेट से जंगल में प्रवेश करेंगे। सफारी पूरी होने के बाद उन्हें केंवची गेट से ही वापस लौटना होगा। इससे पर्यटकों का समय और दूरी दोनों बचेंगे।
सफारी के लिए प्रबंधन ने अलग-अलग श्रेणी के वाहनों की व्यवस्था की है। पर्यटक जिप्सी के अलावा विशेष रूप से तैयार महारानी और योद्धा नाम के वाहनों से भी जंगल की सैर कर सकेंगे। अपनी पसंद और उपलब्धता के अनुसार ऑनलाइन एडवांस बुकिंग कराई जा सकती है।
करीब914.017वर्ग किलोमीटर में फैला अचानकमार टाइगर रिजर्व वर्ष2009में टाइगर रिजर्व घोषित किया गया था। यहां बाघ,गौर,तेंदुआ,भालू,चीतल,कोटरी,जंगली सूअर,जंगली कुत्ते और सियार सहित कई वन्यजीव पाए जाते हैं। घने जंगल और समृद्ध जैव विविधता इसे वन्यजीव प्रेमियों के लिए खास आकर्षण बनाते हैं।
जंगल सफारी के लिए आने वाले पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था शिवतराई स्थित बैगा रिसॉर्ट में भी है। यहां14स्टैंडर्ड और4प्रीमियम कमरे उपलब्ध हैं। पर्यटक रिसॉर्ट और सफारी की बुकिंग के लिए आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल कर सकते हैं।
रेल मार्ग से आने वाले यात्रियों के लिए बिलासपुर और करगीरोड कोटा प्रमुख रेलवे स्टेशन हैं। यहां से सड़क मार्ग के जरिए शिवतराई पहुंचा जा सकता है।



