छत्तीसगढ़

कांग्रेस सांसद पर यौन दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर राजीव भवन के सामने प्रदर्शन

रायपुर, 10 अक्टूबर।भाजपा महिला मोर्चा कांग्रेस के इनर मणिपुर से सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर छात्राओं के साथ यौन दुर्व्यवहार के विरोध में शनिवार को राजधानी में उग्र प्रदर्शन किया।मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन का घेराव कर जोरदार नारेबाजी की और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।

आरोपी सांसद बिमोल अकोइजम को तत्काल निष्कासित करे पार्टी : रूपकुमारी चौधरी

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद रूपकुमारी चौधरी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ का नारा केवल एक चुनावी ढकोसला है। जब अपनी ही पार्टी के नेताओं और सांसदों पर नारी गरिमा को तार-तार करने के आरोप लगते हैं, तब गांधी परिवार और कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व पूरी तरह मौन साध लेता है। श्रीमती चौधरी ने सवाल किया कि जेएनयू में अध्यापन के दौरान छात्राओं के साथ यौन दुर्व्यवहार करने के आरोपी सांसद पर कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व आखिर मौन क्यों है? क्या राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ऐसे गंभीर अपराधों को संरक्षण दे रहे हैं? यदि कांग्रेस ने अपने आरोपी सांसद पर कठोर कार्रवाई नहीं की, तो महिला मोर्चा इस लड़ाई को संसद से लेकर सड़क तक पूरी ताकत के साथ लड़ेगा।
आरोपी सांसद पर हो कठोर कानूनी कार्रवाई : वर्मा

राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि जेएनयू की घटना ने एक बार फिर कांग्रेस के महिला विरोधी चरित्र को बेनकाब किया है।
श्रीमती वर्मा ने मांग की कि कांग्रेस आलाकमान तत्काल अपने सांसद के खिलाफ कठोर कार्रवाई करे और देश की बेटियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे।

राहुल का नारी सम्मान केवल ढोंग : विभा अवस्थी

मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी देशभर में घूम-घूमकर पितृसत्ता को चुनौती देने का पाखण्ड रचते हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी अपनी ही पार्टी के सांसद पर छात्राओं के साथ यौन दुर्व्यवहार जैसे अत्यन्त गम्भीर और घिनौने आरोप लग रहे हैं। राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी का नारी सशक्तीकरण का दावा केवल खोखली बयानबाजी तक सीमित है।

इनकी रही उपस्थिति

घेराव कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा ने मांग की कि कांग्रेस पार्टी तुरंत अपने सांसद पर संज्ञान लेते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित करे और देश की बेटियों से माफी मांगे। प्रदर्शन में जांजगीर सांसद कमलेश जांगड़े, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू, महापौर मीनल चौबे, प्रदेश महामंत्री शीतल नायक, तिलेश्वरी धुरंधर, महिला मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी, सहित भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष एवं उनकी पूरी टीम व मंडल स्तर की प्रमुख पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button