मुख्यमंत्री निवास में भाजपा का दीपावली मिलन, पुराने नेताओं से मेल मुलाकात

रायपुर, 17 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नवा रायपुर स्थित निवास में मंगलवार को भाजपा का दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद से अब तक संगठन और सरकार में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने वाले वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। समारोह में पुराने और नए नेताओं का एक साथ जुटना खास रहा। इस दौरान संगठन में साथ काम करने के दिनों की यादें ताजा हुईं और नेताओं के बीच आत्मीय मुलाकातों का सिलसिला चला।
समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे वर्तमान एवं पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश और जिला पदाधिकारी, निगम-मंडल एवं आयोगों के वर्तमान और पूर्व अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता शामिल हुए। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी रहे नेताओं ने भी उपस्थिति दर्ज कराई। पूर्व जिला अध्यक्षों और संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके पदाधिकारियों की मौजूदगी ने इसे पुराने साथियों के मिलन का अवसर बना दिया।


