आधी रात बजाया डीजे, अदालत ने जब्त साउंड सिस्टम की कुर्की बरकरार रखी

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 25 अक्टूबर। देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने के मामले में जिला अदालत ने अदालत ने आरोपी की अपील खारिज करते हुए जब्त साउंड सिस्टम को कुर्क करने के निचली अदालत के आदेश को बरकरार रखा है। अदालत ने स्पष्ट किया कि मनोरंजन के नाम पर दूसरों की नींद, स्वास्थ्य और शांति से खिलवाड़ नहीं किया जा सकता।
मामला शहर के हटरी चौक का है। 24 सितंबर 2026 की रात करीब 1:25 बजे वाहन क्रमांक सीजी-13 बीके-0925 पर अतिरिक्त लोहे के एंगल लगाकर डीजे सिस्टम बजाया जा रहा था। तेज आवाज से आसपास रहने वाले लोगों और आम नागरिकों को परेशानी हो रही थी।
सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और डीजे संचालक शिव प्रसाद पटेल (27), से इसे बजाने की अनुमति मांगी। वह वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन और साउंड सिस्टम जब्त कर छत्तीसगढ़ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम, 1985 तथा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की।
मामले की सुनवाई के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट असलम खान ने डीजे उपकरणों की कुर्की का आदेश दिया था। जब्त सामान में आठ बड़े बेस बॉक्स, दो स्ट्रोब लाइट, आठ सर्चलाइट, चार एमआई बार, छह लाइन एरे बॉक्स, छह एम्प्लीफायर और एक मिक्सर-क्रॉसओवर शामिल हैं।
आरोपी ने इस आदेश को जिला एवं सत्र न्यायालय में चुनौती दी थी। अदालत ने उसकी अपील खारिज कर दी।
ज्ञात हो कि बिलासपुर में ध्वनि प्रदूषण की समस्या पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट पहले ही स्वतः संज्ञान लेकर चिंता जता चुका है। अदालत ने कहा था कि तेज आवाज में डीजे और लाउडस्पीकर बजने से बुजुर्गों, बीमार लोगों और बच्चों को गंभीर परेशानी होती है। कुछ बुजुर्गों को शोर से बचने के लिए अपना घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहां तक जाना पड़ा।
जिला अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के चर्च ऑफ गॉड विरुद्ध केकेआर मैजेस्टिक कॉलोनी वेलफेयर एसोसिएशन मामले का हवाला देते हुए कहा कि ध्वनि विस्तारक उपकरणों का इस्तेमाल इस तरह नहीं किया जा सकता, जिससे कानून का उल्लंघन हो या दूसरे लोगों की शांति भंग हो।
अदालत की टिप्पणी के मुताबिक, संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन का अधिकार केवल जीवित रहने तक सीमित नहीं है। इसमें सम्मानजनक, स्वस्थ और शांतिपूर्ण जीवन भी शामिल है। जरूरत से ज्यादा शोर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर डालता है, जिसका सबसे अधिक प्रभाव बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर पड़ता है।



