छत्तीसगढ़

कार चलाते समय आई झपकी, बिजली के खंभे से टकराकर ट्रांसपोर्टर की मौत

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 30 अक्टूबर। ट्रक में माल लोड कराने के बाद कार से पीछे चल रहे बिहार के एक ट्रांसपोर्टर की सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार सुबह रतनपुर के नेवसा गांव के पास थकान के कारण कार चलाते समय उसे झपकी आ गई। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रांसपोर्टर की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान बिहार के पटना निवासी शैलेश रंजन के रूप में हुई है। वह 27 अक्टूबर को चावल की खेप लेने अंबिकापुर पहुंचा था। रातभर ट्रक में माल लोड कराने की निगरानी करने के बाद बुधवार सुबह अपनी कार क्रमांक सीजी 10 एएन 3753 से ट्रक के पीछे चल रहा था।

सुबह करीब 9 बजे रतनपुर क्षेत्र के नेवसा गांव में ऋषि फ्यूल स्टेशन के पास उसकी कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। आशंका है कि लगातार जागने और थकान के कारण उसे ड्राइविंग के दौरान झपकी आ गई थी। टक्कर से सीने में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की जानकारी परिवार को भी बेहद अप्रत्याशित तरीके से मिली। मृतक के भतीजे आयुष हरीश सिन्हा ने पुलिस को बताया कि वह मुंबई के अंधेरी वेस्ट में रहता है। बुधवार सुबह करीब 9:28 बजे उसने अपने चाचा शैलेश को फोन किया था। फोन किसी अज्ञात व्यक्ति ने उठाया और बताया कि नेवसा के पास एक कार बिजली के खंभे से टकरा गई है तथा चालक की मौत हो गई है।

खबर मिलते ही परिवार के लोग रतनपुर पहुंचे। उन्होंने मरच्यूरी में रखे शव की पहचान शैलेश रंजन के रूप में की।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button