हाथी के हमले में बुजुर्ग महिला जख्मी
दो दिन पहले हाथियों ने तोड़ा था घर, दंपति जंगल किनारे पेड़ के नीचे गुजार रहे थे रात
छत्तीसगढ़ संवाददाता
उदयपुर, 27 अक्टूबर। सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बासेन के हर्राघाट में हाथी के हमले से बुजुर्ग महिला घायल हो गईं। घटना के बाद वन अमले ने उन्हें रात करीब डेढ़ बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में भर्ती कराया। महिला की कमर में गंभीर चोट आई है और वह करवट लेने में भी असमर्थ बताई जा रही हैं।
दो दिन पहले हाथियों ने बुजुर्ग दंपति के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया था। घर टूटने के बाद दंपति खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर थे। रात में दोनों अपने टूटे घर के बाहर जंगल किनारे एक पेड़ के नीचे बैठे थे। इसी दौरान कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर हाथी वहां पहुंच गए। हाथियों के आने पर मची अफरा-तफरी के बीच एक हाथी ने भागते समय 60 वर्षीय नंदकुंवर को लात मार दी, जिससे वह घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही 11 हाथियों की निगरानी में जुटा वन अमला मौके पर पहुंचा और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि हर्राघाट जंगल के करीब एक किलोमीटर के दायरे में पांच से आठ कच्चे मकान हैं। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को शाम पांच से छह बजे तक सुरक्षित स्थानों पर जाने की समझाइश दी जाती है। इसके बावजूद कुछ ग्रामीण घर में रखे अनाज और सामान की चिंता में वहां से हटने को तैयार नहीं हैं।
बुजुर्ग महिला के पति सुरजन राम ने आपबीती बताई।



