भारत-कनाडा आर्थिक रिश्तों को नई मजबूती देने पर जोर, व्यापार और निवेश बढ़ाने की अपार संभावनाएं: मैनिटोबा के मंत्री
मुंबई, 15 अक्टूबर । कनाडा के मैनिटोबा प्रांत के बिजनेस, माइनिंग, ट्रेड एंड जॉब क्रिएशन मंत्री जेमी मोसेस ने गुरुवार को कहा कि भारत और कनाडा के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने के लिए यह सही समय है। उन्होंने कहा कि कनाडा के केंद्र में स्थित मैनिटोबा प्रांत भारतीय बाजार में विकास की बड़ी संभावनाएं देख रहा है और दोनों देशों के बीच व्यापार व निवेश बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से काम करना चाहता है। न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में जेमी मोसेस ने कहा कि उनकी भारत यात्रा का उद्देश्य मजबूत आर्थिक संबंध स्थापित करना और दोनों देशों के व्यवसायों के लिए नए अवसर पैदा करना है। उन्होंने बताया कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और ऐसे में कारोबारी सहयोग के लिए व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। मैनिटोबा के खनिज संसाधनों पर बात करते हुए जेमी मोसेस ने कहा कि उनका प्रांत खनन क्षेत्र के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि मैनिटोबा में लिथियम, निकेल और कोबाल्ट जैसे महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों की उपलब्धता है, जो इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) बैटरी और स्वच्छ ऊर्जा उद्योग के लिए बेहद अहम हैं। उन्होंने कहा कि मैनिटोबा सरकार मजबूत अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ काम करने में रुचि रखती है, ताकि ऐसे प्रोजेक्ट विकसित किए जा सकें जो न केवल मैनिटोबा बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए भी लाभदायक हों। वहीं, मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में जेमी मोसेस ने कहा कि फिलहाल उनका ध्यान समयसीमा तय करने के बजाय मजबूत और सकारात्मक व्यापारिक रिश्ते बनाने पर है।
उन्होंने कहा कि भारत की विभिन्न कंपनियों और उद्योगों के साथ उनकी उपयोगी बातचीत हुई है और भविष्य में भी आर्थिक संबंधों को गहरा करने की दिशा में काम जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि मजबूत कारोबारी रिश्ते ही आगे चलकर बड़े निवेश और व्यापारिक अवसरों का रास्ता तैयार करेंगे। इसके अलावा, मैनिटोबा सरकार में पब्लिक सर्विस डिलीवरी मंत्री मिंटू संधू ने आईएएनएस से कहा कि भारत और विशेष रूप से मुंबई की उनकी यात्रा काफी सकारात्मक रही है। उन्होंने बताया कि मैनिटोबा सरकार ने सरकारी खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि व्यवसायों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी एमईआरएक्स नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है और भारतीय कंपनियां भी वहां जाकर संभावित अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सकती हैं। मिंटू संधू ने आगे कहा कि उनका विभाग मैनिटोबा सरकार के विभिन्न विभागों के लिए खरीद प्रक्रियाओं का प्रबंधन करता है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और कुशल सार्वजनिक सेवाएं निजी निवेश को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय और भारतीय मूल की कंपनियों के अलावा अंतरराष्ट्रीय कारोबारी समुदाय भी मैनिटोबा में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने भारतीय उद्योग जगत को एमईआरएक्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से संभावित परियोजनाओं और सरकारी खरीद संबंधी अवसरों की जानकारी लेने के लिए प्रोत्साहित किया। -(आईएएनएस)

