मलेशिया की वर्ल्ड नंबर-4 शिवसंगरी सुब्रमण्यम से हारीं अनाहत सिंह

भारत की 18 वर्षीय अनाहत सिंह को सेमीफाइनल में मलेशिया की वर्ल्ड नंबर-4 स्क्वॉश खिलाड़ी शिवसंगरी सुब्रमण्यम के हाथों 1-3 से हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय स्क्वॉश खिलाड़ी अनाहत सिंह का सिलिकॉन वैली ओपन 2026 में शानदार सफर सेमीफाइनल में थम गया। पीएसए गोल्ड स्तर के किसी टूर्नामेंट में पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंचीं अनाहत को वर्ल्ड नंबर-4 शिवसंगरी सुब्रमण्यम के हाथों 1-3 से हार का सामना करना पड़ा।
अनाहत ने मुकाबले की शुरुआत दमदार अंदाज में की और पहला गेम 11-5 से जीतकर बढ़त बना ली। लेकिन इसके बाद शिवसंगरी ने वापसी करते हुए अगले तीनों गेम 11-6, 11-4 और 11-7 से अपने नाम कर लिए। हार के बावजूद अनाहत के लिए यह टूर्नामेंट यादगार रहा। उन्होंने क्वार्टरफाइनल में वर्ल्ड नंबर-3 नूर एल शेरबिनी को सीधे गेमों में हराकर बड़ा उलटफेर किया था। इससे पहले वर्ल्ड नंबर-14 सलमा हानी के खिलाफ पांच गेम तक चले मुकाबले में भी उन्होंने शानदार जीत दर्ज की। पीएसए गोल्ड टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचना अनाहत के करियर की बड़ी उपलब्धि है।
इस प्रदर्शन ने भारतीय स्क्वॉश में उनकी बढ़ती ताकत और संभावनाओं को एक बार फिर सामने रखा है।

