देश

एटा में नाबालिग बच्चों से स्क्रिप्टेड वीडियो बनवाने के मामले में NHRC सख्त, एसएसपी-डीएम और मेटा इंडिया को नोटिस

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक कथित कोचिंग संस्थान से जुड़े नाबालिग बच्चों से स्क्रिप्टेड, आपत्तिजनक और राजनीतिक रूप से संवेदनशील सोशल मीडिया वीडियो बनवाने के मामले में राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (NHRC) ने संज्ञान लिया है। आयोग ने एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), जिलाधिकारी (डीएम), मेटा इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं कंट्री हेड तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।

एनएचआरसी सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली बेंच ने इस मामले की सुनवाई की। शिकायत में आरोप है कि एटा के मार्चरा क्षेत्र से संचालित इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए 3 से 12 वर्ष तक के बच्चों को स्क्रिप्ट के आधार पर आपत्तिजनक और राजनीतिक नारे दोहराते दिखाया गया। वीडियो बार-बार अपलोड किए गए। शिकायत सेव न्याय उत्थान फाउंडेशन की ओर से की गई है।

आयोग ने कहा कि आरोप यदि सही पाए गए तो बच्चों की गरिमा, निजता, मानसिक स्वास्थ्य, अभिभावकों की सहमति और संभावित शोषण से जुड़े गंभीर सवाल उठते हैं। आयोग ने एटा पुलिस को निर्देश दिया है कि वीडियो में दिख रहे बच्चों की तुरंत पहचान करे, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करे, जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग उपलब्ध कराए और उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करे।

पुलिस को सोशल मीडिया अकाउंट चलाने वाले व्यक्ति की पहचान करने तथा स्क्रिप्टिंग, रिकॉर्डिंग, अपलोडिंग या सहयोग में शामिल वयस्कों की भूमिका की जांच करने को भी कहा गया है। यदि संज्ञेय अपराध पाया जाता है तो एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

मेटा इंडिया से पूछा गया है कि नाबालिग बच्चों वाले कंटेंट को बार-बार अपलोड और प्रसारित होने से कैसे रोका नहीं गया, क्या इससे कोई आर्थिक लाभ हुआ और सामग्री हटाने तथा डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए क्या कदम उठाए गए।

एटा पुलिस ने संकेत दिया है कि प्रकरण में अभियोग दर्ज कर थाना स्तर से वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आयोग ने सभी संबंधित पक्षों से दो सप्ताह के अंदर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button