छत्तीसगढ़
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का भूकंप, कोई नुकसान नहीं

देहरादून, 10 अक्टूबर। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में शनिवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे घबराकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, रात आठ बजकर सात मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 मापी गई। भूकंप का केंद्र धरती की सतह से 11 किलोमीटर की गहराई में था।
भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी से दो किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में बताया गया है।
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल कहीं से भी किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।
इसी सप्ताह छह अक्टूबर को चमोली जिले में भी 4.9 तीव्रता का भूकंप आया था।(भाषा)


