हाईटेंशन करंट से बाप-बेटे की मौत
झुलसी मां को रायपुर भेजा
छत्तीसगढ़संवाददाता
बलौदाबाजार, 6 नवंबर। बलौदाबाजार में धनतेरस के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है, जहां हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौत हो गई है। वहीं मां की हालत गंभीर बताई जा रही है, उन्हें रायपुर भेजा गया है।
घर से पांच फीट की दूरी पर हाईटेंशन लाइन
नेहरू चौक में घर के बाहर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। यह तार घर से महज पांच फीट की दूरी पर है। बताया जा रहा है कि राकेश गुप्ता पहले करंट की चपेट में आए, जिन्हें बचाने के चक्कर में पत्नी वर्षा और बेटा ईशान भी करंट की चपेट में आ गए।
इस घटना में पिता-पुत्र की मौत हो गई और महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय भेजा गया। इसके बाद उनकी हालत को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
