यूपी में सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर पहली बैठक खत्म, कब निकलेगा नतीजा

-प्रेरणा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पार्टी के बीच सीटों का क्या फ़ॉर्मूला होगा, इस पर दिल्ली में दोनों पार्टियों के बीच चर्चा जारी है.
सोमवार को दिल्ली में राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं की पहली बैठक हुई. दो और बैठकें 24 और 25 नवंबर को होनी हैं.
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रवक्ता सचिन रावत ने बताया कि यह बैठक दोनों पार्टियों की ओर से बनाई गई समन्वय समितियों के बीच हुई है. सचिन रावत के मुताबिक, कांग्रेस ने पहली बैठक में ए कैटेगरी की 55 सीटों की सूची सौंपी है.
मंगलवार को बी और सी कैटेगरी की सीटों पर चर्चा होगी. दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत तीन दिनों तक चलेगी. तीसरे दिन प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर सहमति बनाने की कोशिश होगी.
रावत ने कहा कि सीटों का बंटवारा सिर्फ़ सीटों की संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि वहां के चुनावी समीकरण और जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखकर होगा.
कांग्रेस ने 2017 के विधानसभा चुनाव में लड़ी गई सीटों के साथ-साथ 2022 में कम अंतर से हारी सीटों पर भी अपना दावा पेश किया है.
इसके अलावा 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के सांसद जिन सीटों से जीते हैं, उन क्षेत्रों की विधानसभा सीटों पर भी पार्टी ने दावा किया है.
उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी के मौजूदा विधायकों की जीत की संभावनाओं और उनकी सीटों की स्थिति पर भी चर्चा होगी. अगर सपा किसी सीट पर अपने विधायक का टिकट काटने के लिए तैयार होती है, तो उस सीट को कांग्रेस को देने पर भी बातचीत हो सकती है.
दोनों पार्टियों ने सीट बंटवारे के लिए अपनी-अपनी कमेटियां बनाई हैं. इन कमेटियों के बीच बातचीत के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार होगी, जिसे दोनों दल अपने-अपने नेतृत्व को सौंपेंगे.
रावत के मुताबिक, अगले दो दिनों में दोनों पार्टियों के बीच आगे की रणनीति और सीटों को लेकर तस्वीर कुछ और साफ़ होगी.
फ़िलहाल सीट बंटवारे की घोषणा या साझा प्रेस कॉन्फ़्रेंस की तारीख़ तय नहीं हुई है.
सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए समाजवादी पार्टी ने रामगोपाल यादव, श्यामलाल पाल, राजीव राय और इकरा हसन की कमेटी बनाई है, जबकि कांग्रेस की कमेटी में राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और केसी वेणुगोपाल शामिल हैं.(bbc.com/hindi)


