रेंड नदी में नहाते परिवार के 4 की डूबकर मौत
छत्तीसगढ़ संवाददाता
सूरजपुर, 24 अक्टूबर। सूरजपुर जिले के सरस्वतीपुर से गुजरी रेंड नदी घूमने और नहाने पहुंचे एक परिवार के युवक और तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना शनिवार प्रात: साढ़े दस ग्यारह बजे के बीच की बताई गई है।
घटना की सूचना सरस्वतीपुर सरपंच ने मोबाइल फोन से पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुँची बिश्रामपुर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से एक-एक कर चारों शवों को नदी से बरामद कर लिया है।
शव पंचनामा कार्यवाही के बाद चारों शवों को पीएम के लिए बिश्रामपुर अस्पताल लाया गया है। यहां परिजनों के आ जाने के बाद रविवार को सभी का पीएम होगा। मृतकों में दो बच्चे बिहार के कटिहार जिले के निवासी बताए गए हैं, जो विजयादशमी अवकाश में अपनी मौसी के घर सूरजपुर जिले के चंद्रपुर ढूंढरा घूमने आए थे। घटना स्थल से पुलिस ने दो स्कूटी भी बरामद किया है, जिसमें सवार होकर चारों नदी पहुंचे थे। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बताया गया कि मृतक विवेक सिंह चंद्रपुर ढूंढऱा निवासी हैं, वे अदानी कंपनी में काम करते हैं। उनकी पत्नी नेहा सिंह ब्यूटी पार्लर का संचालन करती हंै। विवेक सिंह अपनी पत्नी की बहन के दो बच्चों को विजयदशमी अवकाश के दौरान बिहार के कटिहार से घूमाने के लिए पिछले दिनों यहां लेकर आए थे।
परिजनों के मुताबिक विवेक सिंह शुक्रवार को अपने बेटे अभिजीत सिंह और पत्नी की बहन के दोनों बच्चों के साथ रेंड नदी की ओर घूमने गए थे और फोटो भी खिंचवाया था। रमणीक स्पॉट होने के कारण बच्चों ने नदी में नहान की इच्छा जताई, जिसके बाद शनिवार को चारों दो स्कूटी से सुबह साढ़े 9 बजे नदी जाने कहकर निकले और इसी दौरान सभी नदी में नहाने के लिए उतरे और डूब गए।
मृतकों की पहचान विवेक सिंह पिता विद्यानंद सिंह 45 वर्ष, अभिजीत सिंह पिता विवेक सिंह 17 वर्ष, कृष्ण गोपाल पिता जितेंद्र सिंह 13 वर्ष, गोपाल कृष्ण पिता जितेंद्र सिंह 15 वर्ष के रूप में पहचान हुई है।
आज लौटना था घर
बताया जाता है कि हादसे में मृत पत्नी की बहन के बच्चों कृष्ण गोपाल और गोपाल कृष्ण को विवेक आज छोडऩे के लिए कटिहार जाने वाले थे, इसके पहले ये हादसा हो गया।
मृतकों में विवेक और अभिषेक दोनों पिता-पुत्र हैं जबकि दो बच्चे कृष्ण गोपाल और गोपाल कृष्ण दोनों सगे भाई हैं, जो अपनी मौसी के यहां घूमने आए थे।
मृतक अभिजीत अपने पिता का इकलौता पुत्र था, जबकि कृष्ण गोपाल और गोपाल कृष्ण भी अपने माँ पिता की दो ही संतान थे। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की घटना सूरजपुर में शोक की स्थिति निर्मित कर दी है।



