छठ महापर्व पर राज प्रसाद परिवार का भव्य महाभंडारा, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
किरंदुल। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा की पावन बेला पर लौह नगरी किरंदुल में भक्ति और सेवा का अनुपम संगम देखने को मिला।
छठी मैया के प्रति अटूट आस्था के साथ राज प्रसाद परिवार, मेन मार्केट द्वारा श्री राघव मंदिर परिसर में भव्य महाभंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों ने पहुंचकर श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
छठ महापर्व केवल एक धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि आस्था, पवित्रता, संयम और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। भगवान सूर्य देव और छठी मैया की आराधना को समर्पित इस महापर्व पर श्रद्धालु पूरे विधि-विधान और नियमों के साथ पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं।
इसी धार्मिक भावना और सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए राज प्रसाद परिवार द्वारा लगातार दूसरे वर्ष छठ पर्व के अवसर पर इस भव्य महाभंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच प्रेमपूर्वक प्रसाद वितरण किया गया। पूरे आयोजन में भक्तिमय वातावरण बना रहा और जयकारों से परिसर गूंजता रहा।
राज प्रसाद परिवार ने छठी मैया की असीम कृपा और आशीर्वाद से महाभंडारे के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और नगरवासियों का हृदय से आभार जताया।
धार्मिक आस्था के साथ सेवा और समर्पण का यह आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दे गया।
