दुष्कर्म मामले में 10 साल की सजा हाईकोर्ट ने की रद्द

अभियोजन पक्ष संदेह से परे अपराध साबित करने में रहा नाकाम
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 28 नवंबर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने दुष्कर्म के एक मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए आरोपी रामकुबेर साहू की सजा रद्द कर दी है। कोर्ट ने उसे संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया। एकलपीठ ने पाया कि अभियोजन पक्ष आरोपों को संदेह से परे साबित करने में असफल रहा। मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट से भी घटना की पुष्टि नहीं हुई थी।
मामले के अनुसार, पीड़िता परिवार से अलग होने के बाद रायपुर पहुंची थी, जहां वह एक परिवार के बच्चों की देखभाल का काम करती थी। वहां से काम छोड़ने के बाद वह उरला में एक तालाब के पास बैठी मिली थी। इसी दौरान आरोपी उसे अपने घर ले गया।
कुछ दिन बाद आरोपी ने उसे परिचित गौरी माणिकपुरी के घर छोड़ दिया। करीब एक सप्ताह बाद वह फिर उसे अपने घर ले आया। पीड़िता का आरोप था कि घर में कोई अन्य सदस्य नहीं था। आरोपी ने दरवाजा बंद कर उसके साथ जबरदस्ती की।
अगले दिन पीड़िता ने छत से कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसियों ने उसे रोक लिया।
इस मामले में विशेष अदालत ने 24 अक्टूबर 2025 को भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(के) के तहत आरोपी को दोषी ठहराते हुए 10 साल की सजा सुनाई थी।
हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट का परीक्षण किया। डॉक्टर पुष्पा सोंटेक की जांच में पीड़िता के शरीर पर बाहरी या आंतरिक चोट नहीं मिली थी। मेडिकल रिपोर्ट में कथित घटना के समय को लेकर भी कोई स्पष्ट राय नहीं दी गई थी।
एफएसएल रिपोर्ट में आरोपी से संबंधित कोई मानवीय जैविक साक्ष्य नहीं मिला। कोर्ट ने कहा कि केवल सामान्य मेडिकल राय के आधार पर कथित घटना को प्रमाणित नहीं माना जा सकता।
इसके अलावा अभियोजन पक्ष के बयान में कई विरोधाभास पाए गए। स्वतंत्र गवाह भी घटना की पुष्टि नहीं कर सके।
न्यायमूर्ति नरेश कुमार चंद्रवंशी की एकलपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले सदाशिव रामराव हड़बे बनाम महाराष्ट्र राज्य का उल्लेख किया।
कोर्ट ने कहा कि दुष्कर्म के मामले में पीड़िता की गवाही के आधार पर भी दोषसिद्धि हो सकती है, लेकिन उसका बयान विश्वसनीय होना चाहिए और अदालत का भरोसा जीतने वाला होना चाहिए। यदि बयान में गंभीर विरोधाभास हों और मेडिकल साक्ष्य से समर्थन न मिले तो उसकी सावधानीपूर्वक जांच जरूरी है।
हाईकोर्ट ने अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों को अपर्याप्त मानते हुए रामकुबेर साहू की दोषसिद्धि और 10 साल की सजा रद्द कर दी। आरोपी यदि किसी अन्य मामले में निरुद्ध नहीं है तो उसे तत्काल रिहा करने का निर्देश दिया गया है।



