राजनाथ सिंह ने कहा- बांग्लादेश की तर्ज़ पर शासन बदलने की कोशिश हो रही

निर्वाचन आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के ख़िलाफ़ जारी प्रदर्शनों के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और उसके राजनीतिक सहयोगियों पर निशाना साधा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में लगाने के बजाय उन्हें अराजकता और राजनीतिक टकराव का मोहरा बनाने की कोशिश की जा रही है.
राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह बात कही.
राजनाथ सिंह ने कहा, दिल्ली में पिछले दिनों जो घटनाक्रम हुए, वो कई गंभीर सवाल खड़े करते हैं. ऐसा लगता है कि कांग्रेस और उनके राजनीतिक सहयोगी प्रत्यक्ष रूप से और अपने समर्थक संगठनों के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों और राष्ट्रनिर्माण की दिशा में लाने की जगह राजनीतिक टकराव और अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं.
देश के नौजवानों को अराजकता की राजनीति का मोहरा बनाने की कोशिश की जा रही है. बांग्लादेश की तर्ज़ पर शासन बदलना चाहते हैं और एक प्रेस वार्ता में खुलकर कहते हैं कि उसने शासन बदलने की प्रेरणा बांग्लादेश से ली है. तो दूसरा डंके की चोट पर सरकार गिराने की बात करता है. यह साफ़ करता है कि इनका इकलौता एजेंडा लोकतांत्रिक संस्थाओं को ध्वस्त करना और देश में आग लगाना है.
राजनाथ ने कहा, शासन बदलने जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है, इससे पता चलता है कि उनकी लड़ाई चुनाव सुधार, एसआईआर, ज्ञानेश कुमार, देश के नौजवानों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नहीं है. उनकी लड़ाई देश में अराजकता पैदा करके सत्ता हासिल करने की उनकी साज़िश है.
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर तंज कसते हुए इसे उत्तर प्रदेश की राजनीति से जोड़ दिया.
उन्होंने एक्स पर लिखा, सुना है सत्ताधारियों की तरफ़ से कोई बड़ी प्रेस-कांफ्रेंस हो रही है. लगता है लखनऊ-एक्सप्रेस का इंजन फ़ेल हो गया है, तभी दिल्ली के इंजन ने लखनऊ की कमान किसी और को थमाने का अंदरूनी फ़ैसला कर लिया है.
अखिलेश ने लिखा, ये प्रेस कॉन्फ़्रेंस तो बस दिखावटी है, असली खेल तो लखनऊ के इंजन को खटारा साबित करके उसे पर्मानेंट हटाने का है. अब लखनऊवालों की रक्षा कौन करेगा?(bbc.com/hindi)



