छत्तीसगढ़

दलेर मेहंदी विवाद में मीका सिंह ने किसके लिए कहा- माफ़ी मांगनी चाहिए

पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद में उनके भाई और गायक मीका सिंह ने उत्तराखंड सरकार में मंत्री सुबोध उनियाल से माफ़ी की मांग की है.

मीका सिंह ने कहा है कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते हैं, उनके साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए था.

दरअसल, लाइव परफ़ॉर्मेंस के दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाते हुए उन्हें मंच पर ही टोक दिया था और शो रुकवा दिया था.

इसके बाद मीका सिंह और अनुपम खेर समेत कुछ हस्तियों ने दलेर मेहंदी के सपोर्ट में अपने बयान जारी किए थे.

मीका ने बुधवार शाम एक्स पर फिर लिखा, बॉलीवुड से लेकर पंजाब तक के सभी गायकों, फैंस, दोस्तों, परिवार और शुभचिंतकों को आपके प्यार और समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. मेरा पॉइंट सिंपल है, दलेर मेहंदी जी शराब नहीं पीते हैं और उन पर इस तरह के आरोप लगाना पूरी तरह से ग़लत है.

उन्होंने लिखा, आज अगर कोई टीचर स्कूल या कॉलेज में किसी बच्चे को डांटता है, तो भी बड़ा मुद्दा बन जाता है. फिर एक इतने बड़े कलाकार को मंच पर सबके सामने इस तरह डांटना और अपमानित करना कहां तक सही है?

मीका ने लिखा, मेरा मानना ​​है कि माफ़ी मांगनी चाहिए. ज़िम्मेदार व्यक्ति को यह स्वीकार करना चाहिए कि दलेर मेहंदी जी के शराब पीने के आरोप ग़लत थे और उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया उसके लिए माफ़ी मांगनी चाहिए.

गौरतलब है कि इससे पहले अनुपम खेर ने भी दलेर मेहंदी के लिए कहा था कि वो शराब नहीं पीते और उनकी तबीयत इन दिनों ख़राब रहती है. (bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button